बिहार विद्यालय परीक्षा समिति की ओर से आयोजित इंटरमीडिएट परीक्षा भोजपुर जिले के 39 परीक्षा केंद्रों पर कड़े सुरक्षा इंतजामों के बीच शुरू हो गई है। इस परीक्षा में जिले भर से कुल 41,383 परीक्षार्थी शामिल हो रहे हैं। परीक्षा केंद्र आरा शहर के अलावा जगदीशपुर और पीरो अनुमंडल क्षेत्रों में भी बनाए गए हैं, जहां छात्र-छात्राएं परीक्षा दे रहे हैं।
दो पालियों में हो रही है परीक्षा
इंटरमीडिएट परीक्षा का आयोजन दो पालियों में किया जा रहा है। पहली पाली सुबह 9:30 बजे से 12:45 बजे तक जबकि दूसरी पाली दोपहर 2:00 बजे से शाम 5:15 बजे तक निर्धारित है। परीक्षार्थियों को परीक्षा शुरू होने से आधे घंटे पहले परीक्षा केंद्र में प्रवेश की अनुमति दी गई है, ताकि समय पर सभी औपचारिकताएं पूरी की जा सकें।
परीक्षा केंद्रों पर प्रशासनिक निगरानी
परीक्षा को नकलमुक्त और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए हर केंद्र पर दंडाधिकारी और पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है। इसके साथ ही पूरे जिले में उड़न दस्ता और फ्लाइंग स्क्वायड का गठन किया गया है, जो लगातार परीक्षा की निगरानी कर रहा है। परीक्षा केंद्रों के बाहर निषेधाज्ञा लागू की गई है और किसी भी बाहरी व्यक्ति के प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया गया है।
जिला प्रशासन ने की पूरी तैयारी
इस संबंध में भोजपुर के जिला पदाधिकारी तनय सुल्तानिया ने बताया कि 2 फरवरी से 13 फरवरी तक चलने वाली इंटरमीडिएट परीक्षा के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। केंद्र अधीक्षकों और तैनात दंडाधिकारियों को ब्रीफिंग के माध्यम से स्पष्ट दिशा-निर्देश दिए गए हैं, ताकि परीक्षा भयमुक्त वातावरण में संपन्न हो सके।
पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क
भोजपुर के पुलिस अधीक्षक राज ने कहा कि परीक्षा के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है। सभी परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं, ताकि किसी भी तरह की अव्यवस्था या गड़बड़ी की स्थिति उत्पन्न न हो।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.