राजस्थान के झुंझुनूं जिले का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में खेत में ट्रैक्टर लेकर जमीन पर कब्जा करने आए बदमाशों का दो महिलाएं डटकर मुकाबला करती नजर आ रही हैं। एक महिला ट्रैक्टर के आगे खड़ी होकर उसे रोकती है, जबकि दूसरी हाथ में पत्थर लेकर बदमाशों के पीछे दौड़ती दिखाई देती है।
गुढ़ागौड़जी क्षेत्र का है वीडियो
यह घटना झुंझुनूं जिले के गुढ़ागौड़जी क्षेत्र की बताई जा रही है, जहां रविवार को जमीनी विवाद को लेकर दोनों पक्षों के बीच जमकर झगड़ा हुआ। इसी दौरान का वीडियो किसी ने रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर डाल दिया, जो अब वायरल हो रहा है।
दोनों पक्षों ने दर्ज कराया केस
इस मामले में स्थानीय थानाधिकारी सुरेश ने बताया कि जमीन को लेकर जगदीश प्रसाद और गोपीचंद के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा है। रविवार को हुए झगड़े के बाद जगदीश प्रसाद की पत्नी मुन्नी देवी, बहू शाकंभरी और बेटे के साथ मारपीट का मामला दर्ज कराया गया है। वहीं, गोपीचंद की ओर से भी जगदीश प्रसाद सहित अन्य लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करवाया गया है। दोनों पक्षों की ओर से नामजद रिपोर्ट दर्ज की गई है और पुलिस मामले की जांच कर रही है।
घटना के बाद बदमाश मौके से फरार
वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि तीन युवक एक लड़के के साथ मारपीट कर रहे हैं। यह लड़का जगदीश प्रसाद का बेटा बताया जा रहा है। बेटे के साथ हो रही मारपीट को देखकर मुन्नी देवी और उनकी बहू शाकंभरी मौके पर पहुंचती हैं और बदमाशों से भिड़ जाती हैं। दोनों महिलाएं पत्थर फेंककर हमला करने वालों को पीछे हटने पर मजबूर कर देती हैं। इसी दौरान एक बदमाश मुन्नी देवी पर भी हमला करता है, लेकिन इसके बावजूद दोनों महिलाएं डटी रहती हैं। अंततः बदमाश मौके से फरार हो जाते हैं।
ये भी पढ़ें: शादीशुदा युवक की संदिग्ध परिस्थिती में मौत, परिजनों ने जताया हत्या का शक, जांच में जुटी पुलिस
मामले की जांच जारी
पुलिस के अनुसार, जगदीश प्रसाद का कहना है कि उन्होंने यह जमीन करीब 25 साल पहले गोपीचंद से खरीदी थी। बाद में गोपीचंद ने वही जमीन किसी अन्य व्यक्ति को बेच दी, जिसके बाद से मामला अदालत में विचाराधीन है। जगदीश का यह भी आरोप है कि चार महीने पहले बदमाशों ने जेसीबी से उनका मकान तोड़ दिया था और बिजली कनेक्शन भी काट दिया गया था। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.