बैतूल नगरपालिका परिषद की महत्वपूर्ण पीआईसी बैठक लंबे समय बाद बाल मंदिर सभाकक्ष में आयोजित की गई। दोपहर शुरू हुई यह बैठक देर शाम तक चली। इस बैठक में कुल 116 विषयों को एजेंडे में शामिल किया गया था, जिन पर सदस्यों ने विस्तार से चर्चा के बाद सहमति जताई।
बैठक में नगर विकास से जुड़े अनेक अहम प्रस्तावों पर निर्णय लिए गए। इनमें शहर के विभिन्न वार्डों में निर्माण कार्य और प्रमुख चौराहों के सौंदर्यीकरण से संबंधित प्रस्ताव प्रमुख थे।
एक महत्वपूर्ण निर्णय के तहत, विनोबा वार्ड गंज आबकारी से अंडर ब्रिज होते हुए करबला घाट तक बनने वाले सीसी मार्ग का नामकरण ‘अटल पथ’ किया जाएगा। इसके अतिरिक्त, निविदाकारों द्वारा डामरीकरण के स्थान पर पेवर ब्लॉक अथवा सीसी कार्य कराए जाने के प्रस्ताव पर भी सदस्यों ने अपनी राय दी।
अमृत 2.0 योजना के अंतर्गत ‘वूमन फॉर ट्री’ योजना में दी जा रही प्रोत्साहन राशि के अनुरूप, अमृत महाअभियान के तहत स्व-सहायता समूहों द्वारा किए जाने वाले पौधरोपण के लिए प्रति पौधा प्रति माह 50 रुपए प्रोत्साहन राशि देने का प्रस्ताव भी पारित किया गया।
बैठक में निकाय क्षेत्र में पेयजल व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए नवीन फिल्टर प्लांट बनाए जाने, जलप्रदाय शाखा के बजट में वृद्धि और अवैध नल कनेक्शनों को वैध किए जाने पर भी विचार किया गया। नगरपालिका के दैनिक वेतन भोगी कर्मचारियों को योग्यता और वरिष्ठता के आधार पर वेतन भुगतान किए जाने संबंधी प्रस्ताव पर भी चर्चा हुई।
वित्तीय वर्ष 2026-27 में आवारा कुत्तों के बधियाकरण एवं टीकाकरण, हाईड्रा क्रेन और पोकलेन मशीन किराए पर लेने जैसे एक सैकड़ा से अधिक अन्य प्रस्तावों पर भी बैठक में चर्चा की गई।
बैठक में नगरपालिका अध्यक्ष पार्वती बारस्कर, उपाध्यक्ष महेश राठौर, सीएमओ सतीश मटसेनिया, सभापति तरूण ठाकरे, कल्पना कैलाश धोटे, राजेश पानकर, रघुनाथ लोखंडे, रेणुका पवन यादव, नितेश परिहार और विकास प्रधान उपस्थित थे।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.