हांसी एसडीएम राजेश खोथ को मिले प्रमाण पत्र और ट्रॉफी
हरियाणा के हांसी के एसडीएम राजेश खोथ को अटल बिहारी वाजपेयी गुड गवर्नेंस अवॉर्ड–2025 से सम्मानित किया गया है। उन्हें यह सम्मान पर्यावरण संरक्षण और जनभागीदारी को नई दिशा देने के लिए प्रदान किया गया। इस अवसर पर उन्हें ट्रॉफी और प्रशस्ति पत्र भी दिए गए।
बता दे कि एसडीएम खोथ ने 25 जून 2025 से 25 सितंबर के बीच कुल 11,500 पौधे रोपित किए। यह पौधारोपण अभियान हांसी शहर और जिले के लगभग 40 गांवों में चलाया गया, जिससे शहरी और ग्रामीण दोनों क्षेत्रों को हरा-भरा बनाने में मदद मिली।
राजेश खोथ को अटल बिहारी वाजपेयी अवॉर्ड मिला
म्हारी हरि-भरी हांसी’ अभियान के तहत किया पौधारोपण
यह पूरा पौधारोपण कार्य ‘म्हारी हरि-भरी हांसी’ अभियान के तहत किया गया। इस अभियान का लक्ष्य केवल पौधे लगाना नहीं, बल्कि लोगों को पर्यावरण के प्रति जागरूक करना और हरियाली को उनके जीवन का अभिन्न अंग बनाना था। इसमें प्रशासनिक अधिकारियों, कर्मचारियों, सामाजिक संगठनों, युवाओं और आम जनता ने सक्रिय रूप से भाग लिया।
स्वच्छ वातावरण सुनिश्चित करने की दिशा में कदम
अवॉर्ड प्रदान करते समय आयोजकों ने बताया कि एसडीएम राजेश खोथ ने सुशासन को केवल कार्यालयों तक सीमित नहीं रखा, बल्कि इसे जमीनी स्तर पर लागू किया। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण को प्रशासनिक प्राथमिकता बनाया, जो आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ वातावरण सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
टीमवर्क और जनता के सहयोग का परिणाम
सम्मान मिलने पर एसडीएम राजेश खोथ ने कहा कि यह उपलब्धि केवल उनकी नहीं, बल्कि टीमवर्क और जनता के सहयोग का परिणाम है। उन्होंने जोर दिया कि यदि प्रशासन और समाज मिलकर काम करें, तो पर्यावरण संरक्षण जैसे लक्ष्यों को आसानी से प्राप्त किया जा सकता है।
हांसी जिले के लिए गर्व का क्षण
स्थानीय लोगों और सामाजिक संगठनों ने इस उपलब्धि को हांसी जिले के लिए गर्व का क्षण बताया। उन्होंने कहा कि यह सम्मान न केवल एसडीएम के कार्यों को पहचान देता है, बल्कि जिले को हरा-भरा और स्वच्छ बनाने की दिशा में एक प्रेरणादायक उदाहरण भी है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.