हमीरपुर के सुजानपुर में सुबह-सुबह छाया कोहरा।
हिमाचल प्रदेश में नए साल से पहले बर्फबारी के आसार है। मौसम विभाग के अनुसार- 28 और 29 दिसंबर को अधिक ऊंची चोटियों पर हल्की बर्फबारी हो सकती है। मगर ज्यादातर भागों में मौसम साफ रहने का पूर्वानुमान है।
इससे पहले, 24 से 27 दिसंबर तक मैदानी इलाकों में घने कोहरे का यलो अलर्ट दिया गया है। मौसम विभाग के मुताबिक आज सुबह भी ऊना, हमीरपुर, बिलासपुर और मंडी में कोहरा पड़ रहा है।
खासकर मंडी की बल्ह घाटी, बिलासपुर में भाखड़ा बांध के आसपास और हमीरपुर के सुजानपुर में कोहरे की वजह से विजिबिलिटी 100 मीटर तक गिर गई है। इन जिलों में अगले चार दिन तक देर रात से सुबह 10 बजे तक घना कोहरा लोगों को परेशान करता रहेगा। इसे देखते हुए वाहन चालकों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
मैदानी इलाकों में कोहरे की वजह से सुबह-शाम ठंड
कोहरे की वजह से मैदानी इलाकों में सुबह-शाम और रात को खूब ठंड पड़ रही है, जबकि अमूमन ठंडे रहने वाले शिमला की रातें मैदानी इलाकों की तुलना में कम ठंडी है।
शिमला का रात का पारा 9.8 डिग्री रिकॉर्ड किया गया, जबकि ऊना 6.6 डिग्री, सोलन 7.0, कांगड़ा 8.0, मंडी 6.7, बिलासपुर 8.0 और हमीरपुर का 6.5 डिग्री दर्ज किया गया।
अधिकतम तापमान में 3.8 डिग्री का उछाल
वहीं लंबे ड्राइ स्पेल की वजह से दिन का तापमान सामान्य से लगभग 4 डिग्री अधिक हो गया है। प्रदेश के कई शहरों का अधिकतम तापमान सामान्य से 6 डिग्री तक ज्यादा हो गया है। कल्पा के अधिकतम तापमान में सामान्य से 6.3 डिग्री का उछाल दर्ज किया गया और ठंडे शहर कल्पा का अधिकतम तापमान 14.3 डिग्री पहुंच गया है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.