एमसीबी जिले के मनेंद्रगढ़ विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत छीपछिपि में 75 लाख रुपये की लागत से निर्मित नए हाई स्कूल भवन का लोकार्पण किया गया। प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल ने मुख्य अतिथि के रूप में इसका उद्घाटन किया।
इस अवसर पर ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों और स्कूली बच्चों ने मंत्री जायसवाल का जोरदार स्वागत किया। लोकार्पण कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य भगत बाबू, जनपद पंचायत सदस्य, ग्राम पंचायत के पंच-सरपंच, विद्यालय के प्राचार्य और शिक्षकगण सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
मंत्री जायसवाल ने हाई स्कूल भवन का लोकार्पण किया
मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल ने विधिवत पूजा-अर्चना के बाद हाई स्कूल भवन का लोकार्पण किया। इसके बाद विद्यालय परिसर में एक सांस्कृतिक एवं स्वागत समारोह आयोजित किया गया, जिसमें छात्राओं ने स्वागत गीत प्रस्तुत किया।
समारोह को संबोधित करते हुए स्वास्थ्य मंत्री जायसवाल ने कहा कि शिक्षा किसी भी समाज के विकास की नींव है। उन्होंने जोर दिया कि सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है। नए हाई स्कूल भवन से छीपछिपि और आसपास के विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिलेगा।

मंत्री ने हाई स्कूल निर्माण की अपनी पहल का ज़िक्र किया
मंत्री जायसवाल ने यह भी बताया कि उन्होंने ही आठ साल पहले 2018 में इस हाई स्कूल की स्वीकृति कराई थी। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव में हार के बाद कांग्रेस कार्यकाल में इसका निर्माण नहीं हो पाया था, लेकिन दोबारा चुनाव जीतने के बाद उन्होंने प्राथमिकता के साथ इस स्कूल का निर्माण सुनिश्चित कराया है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.