Reasons For Urine Turning Red Or Pink : यूरिन का लाल या गुलाबी रंग दिखना कई बार चिंता का कारण बन सकता है, लेकिन हर स्थिति में यह बीमारी का संकेत नहीं होता. एक्सपर्ट के अनुसार चुकंदर, बेरी या कुछ दवाओं के सेवन से भी पेशाब का रंग बदल सकता है, वहीं कुछ मामलों में यह संक्रमण या अन्य स्वास्थ्य समस्याओं की ओर भी इशारा करता है. ऐसे में लक्षणों को समझना जरूरी है.
डॉ. राजकुमार (आयुष) ने लोकल 18 को बताया कि चुकंदर में एक प्राकृतिक लाल रंग का पिगमेंट पाया जाता है, जिसे बेटानिन कहा जाता है. यह पिगमेंट चुकंदर को उसका गहरा लाल रंग देता है. कुछ लोगों के शरीर में यह पिगमेंट पूरी तरह टूट नहीं पाता. जब ऐसा होता है, तो यह पिगमेंट यूरिन के जरिए बाहर निकल जाता है. इसी वजह से पेशाब का रंग लाल या गुलाबी दिखाई देने लगता है. यह स्थिति डरावनी जरूर लग सकती है, लेकिन ज्यादातर मामलों में यह बिल्कुल हानिरहित होती है.
चुकंदर खाने के साइडइफेक्ट
चुकंदर खाने के बाद यूरिन का लाल होना मेडिकल भाषा में बीट्यूरिया कहलाता है. यह कोई बीमारी नहीं बल्कि एक अस्थायी स्थिति है. बीट्यूरिया सभी लोगों में नहीं होती. माना जाता है कि जिन लोगों में आयरन की कमी होती है या जिनका पाचन तंत्र थोड़ा संवेदनशील होता है, उनमें इसके होने की आशंका ज्यादा रहती है. आमतौर पर चुकंदर खाने के 6 से 24 घंटे के भीतर यूरिन का रंग बदल सकता है और कुछ समय बाद अपने आप सामान्य हो जाता है.
क्या सेहत के लिए खतरनाक है बीट्यूरिया?
अधिकतर मामलों में बीट्यूरिया सेहत के लिए खतरनाक नहीं होती. यह न तो किडनी को नुकसान पहुंचाती है और न ही किसी गंभीर बीमारी का संकेत देती है. जैसे ही शरीर से बेटानिन बाहर निकल जाता है, यूरिन का रंग भी सामान्य हो जाता है. इसलिए अगर आपने हाल ही में चुकंदर, चुकंदर का जूस या इससे बनी कोई डिश खाई है, तो घबराने की जरूरत नहीं है.
इन कारणों से भी लाल हो सकता है यूरिन
हालांकि हर बार लाल यूरिन को नजरअंदाज करना भी सही नहीं है. अगर आपने चुकंदर या लाल रंग की कोई चीज नहीं खाई है और फिर भी यूरिन लाल दिख रहा है, तो यह किसी और समस्या का संकेत हो सकता है. यूरिन में खून आना, जिसे हेमैचूरिया कहा जाता है, किडनी स्टोन, यूरिन इंफेक्शन या अन्य बीमारियों की वजह से हो सकता है. इसके अलावा अगर लाल यूरिन के साथ दर्द, जलन, बुखार या पेशाब करते समय परेशानी हो, तो इसे गंभीरता से लेना चाहिए.
About the Author
मीडिया क्षेत्र में पांच वर्ष से अधिक समय से सक्रिय हूं और वर्तमान में News-18 हिंदी से जुड़ा हूं. मैने पत्रकारिता की शुरुआत 2020 के बिहार विधानसभा चुनाव से की. इसके बाद उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड चुनाव में ग्राउंड…और पढ़ें
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.