हल्द्वानी में सियाचिन में तैनात फौजी कमल चंद्र कुडाई से मकान का सौदा कर 30 लाख लेने के बाद भी रजिस्ट्री किसी और को करने का मामला सामने आया है। फौजी ने जब रकम वापस मांगी तो धमकी मिली। बृहस्पतिवार रात फौजी की तहरीर पर हल्द्वानी कोतवाली में आरोपी मां-बेटी के खिलाफ पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की है।
खनस्यू के देवली पोस्ट अंतर्गत ग्राम कोडार निवासी कमल चंद्र कुडाई ने पुलिस से कहा कि उन्होंने तल्ली हल्द्वानी की वसुंधरा कॉलोनी में यही के रहने वाली निर्मला सिंह से एक मकान का सौदा किया। 12 दिसंबर 2024 को इकरारनामा हुआ। इसकी अवधि 12 दिसंबर 2024 से 12 अक्तूबर 2025 के बीच की थी।
आरोप है कि निर्मला सिंह और उनकी बेटी ज्योति मलिक ने तय समय से पहले ही 30 लाख रुपये खातों के साथ ही नकद ले लिए। कमल चंद्र के अनुसार उनकी सियाचिन में तैनाती है और किसी तरह पैसों का इंतजाम कर वह दोनों को देते रहे। बाद में उन्हें पता चला कि मां-बेटी ने मकान किसी और को बेच दिया है। इसकी जानकारी लेने पर निर्मला सिंह ने धमकी दी और नंबर ब्लॉक कर दिया।
वह छुट्टी लेकर आए और मंडी चौकी में तहरीर दी लेकिन आरोपियों ने पुलिस की भी नहीं सुनी। कमिश्नर के आदेश को भी अनसुना कर दिया। डीजीसी के नोटिस का भी जवाब नहीं दिया गया। इकरार नामा में उल्लेख है कि यदि विक्रेता मुकरा तो उसे दी गई धनराशि का दोगुना वापस करना होगा। कोतवाल विजय सिंह मेहता ने बताया कि कमल चंद्र कुडाई की तहरीर पर निर्मला सिंह और ज्योति मलिक के खिलाफ बीएनएस की धारा 318 (4) के तहत प्राथमिकी दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी गई है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.