हजारीबाग जिले के दारू थाना क्षेत्र में चंडी स्थान के पास एक युवक का शव संदिग्ध अवस्था में मिला है। मृतक की पहचान मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के बहेरी गांव निवासी बिट्टू कुमार के रूप में हुई है। स्थानीय लोगों की सूचना पर दारू थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। पोस्टमॉर्टम के बाद परिजनों ने बिट्टू कुमार का शव जिला परिषद चौक पर रखकर सड़क जाम कर दिया। उनका आरोप है कि बिट्टू कुमार की हत्या की गई है। परिजनों ने दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी और पीड़ित परिवार को मुआवजा देने की मांग की। इधर, सड़क जाम के कारण शहर की यातायात व्यवस्था बाधित हो गई। जिला परिषद चौक से गुजरने वाले मुख्य मार्गों पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिससे आम लोगों को परेशानी हुई। मृतक के चाचा रूपलाल प्रसाद ने अशोक कुमार नामक व्यक्ति पर हत्या का आरोप लगाया है। उन्होंने इसे सामान्य मौत न होकर एक साजिश बताया। पुलिस ने कहा है कि मामले की गहन जांच की जा रही है और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट व अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.