हरियाणा विधानसभा के बजट सत्र में आज कांग्रेस के स्थगन प्रस्ताव पर चर्चा होगी। हरियाणा लोक सेवा आयोग व हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग में भर्तियों को लेकर कांग्रेस की ओर से दिए गए स्थगन प्रस्ताव को विधानसभा स्पीकर ने मंजूर कर लिया है। अब इस पर बुधवार को शाम तीन बजे से बहस होगी।
एक दिन पहले स्पीकर ने कांग्रेस के प्रस्ताव को खारिज कर दिया था। कांग्रेस पिछले 11 साल में हुई भर्तियों को लेकर सदन में बहस करना चाहता था। इस पर स्पीकर तैयार नहीं हुए थे। कांग्रेस ने इस पर संशोधन कर दोबारा से दिया जिसे स्वीकार कर लिया गया है। नए प्रस्ताव पर नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा सहित 28 विधायकों ने चर्चा के लिए प्रस्ताव दिया था। इसे मंजूर कर लिया गया है। स्पीकर हरविंद्र कल्याण ने बताया कि बुधवार को दोपहर तीन बजे दो घंटे तक इस पर चर्चा के लिए स्वीकृति दी गई है।
स्पीकर ने फोन चलाने पर विधायक को टोका
स्पीकर हरविंद्र कल्याण ने कहा कि विधानसभा में फोन इस्तेमाल करने वाले विधायकों को चेताया। स्पीकर ने नूंह विधायक आफताब अहमद के फोन चलाने पर टोकते हुए कहा, ये गलत है। कल भी कुछ सदस्य फोन का सदन में यूज कर रहे थे। ये सही नहीं है। वहीं, विधानसभा में लंच/डिनर के लिए कूपन सिस्टम पर विपक्ष ने सवाल उठाए।
स्पीकर ने कहा कि आपको हर मुद्दे पर बेवजह बहस करने की आदत है। इसी दौरान मुख्यमंत्री ने विपक्ष को कूपन उठाकर दिखाया। स्पीकर ने कहा कि कई सदस्यों को पिछली बार खाना खाने के दौरान दिक्कत आई थी, जिसके चलते ये व्यवस्था शुरू की गई है। हुड्डा और रघवीर कादयान ने कहा कि लंच के दौरान वहां पर किसी व्यक्ति को खड़ा करें, वहां पर पहचान पत्र की जरूरत थोड़े ही है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.