हांसी जिले के नारनौंद के गांव गुराना में घर में घुसकर मारपीट करने के मामले में खेड़ी चौपटा पुलिस चौकी की टीम ने 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल किए गए डंडे भी बरामद कर लिए हैं। गिरफ्तार आरोपियों को कोर्ट में पेश कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। बता दे कि यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक हांसी अमित यशवर्धन के मार्गदर्शन में अपराधों पर अंकुश लगाने के अभियान के तहत की गई। खेड़ी चौपटा पुलिस चौकी प्रभारी उप निरीक्षक महेंद्र सिंह के नेतृत्व में टीम ने मामले की गहन जांच के बाद आरोपियों को पकड़ा। पुलिस ने 4 युवकों को किया गिरफ्तार पुलिस के अनुसार, 2 फरवरी 2026 को गांव गुराना में कुछ युवकों द्वारा एक घर में घुसकर हमला करने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पीड़ित मोनू व अन्य परिजनों के बयान दर्ज किए। थाना नारनौंद में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। आरोपियों ने गुनाह कबूल किया जांच के दौरान आरोपियों की पहचान प्रदीप उर्फ कालिया निवासी गुराना, प्रदीप उर्फ मोटिया निवासी ढिगावा, बंटी निवासी ढिगावा तथा प्रवीन उर्फ गोदी निवासी बाढड़ा के रूप में हुई। इन्हें नियमानुसार गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में आरोपियों ने वारदात में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। वारदात में इस्तेमाल डंडे बरामद इसके बाद पुलिस ने उनकी निशानदेही पर घटना स्थल की पुष्टि करवाई और हमले में प्रयोग किए गए डंडे बरामद कर लिए। शिकायत के अनुसार, आरोपियों ने देर रात घर में घुसकर परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट की थी, जिससे कई लोग घायल हुए थे। घायलों का अस्पताल में उपचार कराया गया था। पुलिस का कहना है कि मामले में अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है। गिरफ्तार आरोपियों को आवश्यक पूछताछ के बाद कोर्ट में पेश किया गया है, जहां से आगामी कानूनी प्रक्रिया अमल में लाई जा रही है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.