मध्य प्रदेश की राजनीति, नौकरशाही और अन्य घटनाओं पर चुटीली और खरी बात का वीडियो (VIDEO) देखने के लिए ऊपर क्लिक करें। इन खबरों को आप पढ़ भी सकते हैं। ‘बात खरी है’ मंगलवार से रविवार तक हर सुबह 6 बजे से दैनिक भास्कर एप पर मिलेगा।
भाजपा विधायक के ‘टेस्ट’ में फेल हो गई सड़क अक्सर अपने बयानों से सुर्खियों में रहने वाले गुना से भाजपा विधायक पन्नालाल शाक्य इस बार इंजीनियर की भूमिका में नजर आए। अपने क्षेत्र में घटिया सड़क निर्माण की शिकायत मिलने पर वे खुद मौके पर पहुंच गए और सड़क की गुणवत्ता जांचने लगे।
विधायक ने अपने हाथों से सड़क को कुरेदा। इतना ही नहीं, हथौड़े से ठोककर भी उसकी मजबूती परखी। जब उनके ‘टेस्ट’ में सड़क फेल होती दिखी तो उन्होंने अधिकारियों को इसे दोबारा बनाने के निर्देश दे दिए।
विधायक ने कहा- मैंने चेक किया कि सड़क गुणवत्ता के साथ बनी है या नहीं। उसकी हालत देखकर मैंने पूछा कि ये सड़क एक-दो दिन के लिए बन रही है, महीने-दो महीने के लिए या फिर साल-छह महीने के लिए?
इस दौरान विधायक ने अपने ही विधानसभा क्षेत्र में बन रही एक अन्य सीसी रोड का भी निरीक्षण किया और उस पर पत्थर ठोककर उसकी मजबूती जांची।
अब लोग तंज कस रहे हैं कि विधायक ने एक पंथ दो काज कर लिए। रील भी बन गई और सड़क का रियलिटी चेक भी हो गया। लेकिने यह ‘रियलिटी चेक’ विधायक जी पर ही भारी न पड़ जाए, क्योंकि इस तरह हथौड़े से सड़क खोदना कानूनन अपराध है।
गुना से विधायक पन्नालाल शाक्य ने हथौड़े से ठोककर सड़क की क्वालिटी चेक की।
मामा को आया क्रोध, विपक्ष को सुनाई खरी-खोटी संसद में ‘मामा’ यानी केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान का अलग ही अंदाज देखने को मिला। सदन में हंगामा कर रहे विपक्षी सदस्यों पर वे खासे नाराज हो गए और जमकर खरी-खोटी सुना दी।
शिवराज सिंह ने विपक्ष के रवैये पर कहा- अरे, ऐसी क्या घटिया राजनीति करते हो? क्या यही राजनीति है? उन्होंने आगे कहा कि आपका यह तमाशा पूरा देश देख रहा है और जनता आपको कभी माफ नहीं करेगी।
दरअसल, शिवराज सिंह चौहान लोकसभा में कृषि से जुड़े सवालों के जवाब दे रहे थे। इसी दौरान उन्होंने पश्चिम बंगाल की सरकार पर केंद्र की योजनाएं लागू नहीं करने का आरोप लगाया।
उन्होंने कहा कि ममता बनर्जी सरकार ने गरीबों और किसानों को उनके हक और लाभ से वंचित करने का पाप किया है और इसके लिए ममता सरकार को शर्म आनी चाहिए।
सदन में जब शिवराज बोल रहे थे, तब विपक्षी सदस्य लगातार नारेबाजी कर रहे थे। इस पर उन्होंने तंज कसते हुए कहा- विपक्ष यहां हाय-हाय कर रहा है, लेकिन दुनिया सरकार की वाह-वाह कर रही है। जलने वाले जलते रहें।
शिवराज सिंह चौहान के इस तेवर पर सदन में एक तरफ हूटिंग भी हुई, तो दूसरी ओर उनके समर्थकों की ओर से खूब तालियां भी बजीं।

संसद में हंगामा कर रहे विपक्ष पर गुस्सा हो गए केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह।
संसद में दिग्विजय की राहुल गांधी के साथ गुफ्तगू संसद परिसर में दिग्विजय सिंह और राहुल गांधी की गुफ्तगू का एक वीडियो इन दिनों खूब सुर्खियां बटोर रहा है। लोग यह जानने को उत्सुक हैं कि आखिर दिग्विजय सिंह राहुल गांधी को क्या समझा रहे हैं।
कोई इसे संसद में सरकार के खिलाफ रणनीति पर चर्चा बता रहा है, तो कोई इसे दिग्विजय सिंह के राज्यसभा न जाने के मुद्दे से जोड़कर देख रहा है। कुल मिलाकर हर कोई अपने-अपने हिसाब से कयास लगा रहा है।
वैसे मौजूदा बातचीत में क्या चल रहा था, यह तो साफ नहीं है, लेकिन दिग्विजय सिंह को लंबे समय से राहुल गांधी का राजनीतिक गुरु भी कहा जाता रहा है। हालांकि भाजपा नेता अक्सर उन्हें तंज कसते हुए ‘बंटाढार’ कह देते हैं, लेकिन राजनीति में उनकी पहचान एक चतुर रणनीतिकार और अनुभवी नेता की भी है।
शायद यही वजह है कि वीडियो में राहुल गांधी भी उनकी बातें बड़े ध्यान से सुनते नजर आ रहे हैं। हालांकि दिग्विजय सिंह क्या सुना रहे हैं, इसका खुलासा नहीं हुआ है।

संसद परिसर में दिग्विजय सिंह और राहुल गांधी गुफ्तगू करते नजर आए।
सेवादारों को कोसने में मिस्टेक कर गए धीरेंद्र शास्त्री पंडित धीरेंद्र शास्त्री ने भरे मंच से अपने सेवादारों को जमकर खरी-खोटी सुनाई। उन्होंने भक्तों के साथ उनके व्यवहार पर आपत्ति जताई। हालांकि इस दौरान उनसे एक ऐसी टिप्पणी हो गई, जिस पर अब विवाद खड़ा हो गया है।
दरअसल, धीरेंद्र शास्त्री ने कहा कि हमारे यहां के सेवादारों की टोन बहुत खराब है और बात करने का तरीका भी ठीक नहीं है। उन्होंने कहा- ये लोगों को ऐसे धक्का देते हैं, जैसे ये आर्मी वाले हों।
सेवादारों की आर्मी से की गई इसी तुलना पर कांग्रेस नेता केके मिश्रा ने आपत्ति जताई है। उन्होंने इसे सेना के जवानों का अपमान बताया। साथ ही तंज कसते हुए कहा कि लगता है भीड़ देखकर पंडित धीरेंद्र शास्त्री में मंत्री विजय शाह की आत्मा आ गई है।
अब इसे धीरेंद्र शास्त्री की जुबान फिसलना कहें या फिर सोच-समझकर दिया गया बयान, यह अलग बात है। लेकिन भक्ति की सभा में कही गई इस टिप्पणी ने राजनीतिक माहौल जरूर गरमा दिया है।

धीरेंद्र शास्त्री ने अपने सेवादारों की तुलना आर्मी से की। इस पर केके मिश्रा ने आपत्ति जताई।
इनपुट सहयोग – विजय सिंह बघेल (भोपाल), आशीष रघुवंशी (गुना)
ये भी पढ़ें – दिग्विजय के ‘रिटायरमेंट प्लान’ पर भाजपा हो गई बेचैन: ‘चुनावी वादे’ पर पटवारी को सीएम का जवाब

हाल ही में दिग्विजय सिंह ने एक दंपती का वीडियो अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर शेयर किया था। इसके साथ उन्होंने लिखा- मेरा रिटायरमेंट प्लान? इस पोस्ट के बाद सियासी गलियारों में अटकलें उड़ने लगीं कि दिग्विजय सिंह अब राजनीति से रिटायर होने की तैयारी कर रहे हैं। कांग्रेस नेताओं की प्रतिक्रिया तो सामने नहीं आई, लेकिन भाजपा खेमे में जरूर हलचल मच गई। पूरी खबर पढ़ें
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.