Gumla Railway Station News: गुमला के पोकला रेलवे स्टेशन पर अब जल्द ही इन ट्रेनों का ठहराव शुरू होगा. इससे लोगों को कई किमी दूर हटिया और रांची से ट्रेन नहीं पकड़नी पड़ेगी. ये ट्रेने हैं – संबलपुर–गोरखपुर, राउरकेला–जयनगर और धनबाद–भुवनेश्वर एक्सप्रेस.
कौन-कौन सी ट्रेन रुकेंगी
इसमें बताया गया है कि अब पोकला रेलवे स्टेशन पर ट्रेन नंबर 15027/15028 संबलपुर–गोरखपुर एक्सप्रेस, ट्रेन नंबर 18105/18106 राउरकेला–जयनगर एक्सप्रेस और ट्रेन नंबर 02831/02832 धनबाद–भुवनेश्वर एक्सप्रेस का ठहराव बहुत जल्द होगा. हालांकि आगमन और प्रस्थान को लेकर अभी समय सारणी जारी नहीं की गई है, लेकिन उम्मीद है कि इसकी भी घोषणा जल्द की जाएगी. ट्रेन ठहराव की सूचना से जिले और आसपास के लोगों में खुशी का माहौल है.
स्थानीय लोगों व जन प्रतिनिधियों में खुशी की लहर
गुमला जिला के पोकला रेलवे स्टेशन पर अन्य तीन एक्सप्रेस ट्रेनों का ठहराव शीघ्र शुरू होने की सूचना मिलने पर कांग्रेस के कामडारा प्रखंड अध्यक्ष अजीत केरकेट्टा ने खूंटी के सांसद कालीचरण मुंडा के प्रति आभार जताते हुए हर्ष व्यक्त किया है. अजीत केरकेट्टा ने कहा कि खूंटी-सिमडेगा मुख्य पथ से सटे होने के कारण अब खूंटी, सिमडेगा और गुमला जिले के लोगों को काफी सुविधा होगी.
खासकर पोकला स्टेशन से सटे तोरपा, रनिया, बसिया, कुम्हारी सहित अन्य प्रखंडों के ग्रामीणों को अब लंबी दूरी का सफर करने के लिए लगभग 80 किलोमीटर दूर हटिया या रांची नहीं जाना पड़ेगा. इसके अलावा अब सुबह के समय भी लोग आसानी से रांची और राउरकेला जा सकेंगे.
अभी होता है इन ट्रेनों का ठहराव
वहीं यह भी बता दें कि गुमला जिले के एकमात्र रेलवे स्टेशन पोकला पर फिलहाल हटिया–पुरी तपस्विनी एक्सप्रेस और संबलपुर–बनारस एक्सप्रेस ट्रेन का ठहराव होता है. कोरोना काल से पहले यहां जम्मूतवी एक्सप्रेस ट्रेन का भी ठहराव होता था, लेकिन कोरोना काल के दौरान उसका ठहराव स्थगित कर दिया गया था.
इसके बाद से स्थानीय ग्रामीण लगातार उसके ठहराव की मांग कर रहे थे, लेकिन ठहराव शुरू नहीं हो पाया. इसी बीच अचानक तीन अन्य ट्रेनों के ठहराव शुरू होने की खबर मिलते ही ग्रामीणों में काफी खुशी देखी जा रही है. इसके अलावा पोकला स्टेशन पर प्रतिदिन दो लोकल पैसेंजर ट्रेनों का भी ठहराव होता है.
About the Author
बुंदेलखंड यूनिवर्सिटी से मास कम्यूनिकेशन एंड जर्नलिज़्म में मास्टर्स, गोल्ड मेडलिस्ट. पत्रकारिता का सफर दैनिक जागरण से शुरू हुआ, फिर प्रभात खबर और ABP न्यूज़ से होते हुए News18 Hindi तक पहुंचा. करियर और देश की …और पढ़ें
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.