देवास बायपास रोड पर राजोदा जेल चौराहे के पास एक सड़क हादसे में 18 वर्षीय युवती की मौत हो गई। तेज रफ्तार डंपर ने बाइक को टक्कर मार दी, जिससे युवती के दादा भी गंभीर रूप से घायल हो गए।
मृतक की पहचान करीना चौहान के रूप में हुई है, जो राहुल चौहान की बेटी थीं। वह अपने दादा सीताराम चौहान के साथ देवास से अपने घर मोरुखेड़ी लौट रही थीं। सीताराम चौहान ने बताया कि वे अपनी टीवीएस बाइक की सर्विसिंग कराकर वापस जा रहे थे।
राजोदा जेल के पास डंपर ने पहले एक मारुति कार को ओवरटेक किया। इसके बाद डंपर ने पीछे से आ रही उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार सड़क पर गिर पड़े।
हादसे में करीना डंपर की चपेट में आ गईं, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। सीताराम चौहान डंपर के नीचे फंस गए थे। आसपास मौजूद लोगों की मदद से उन्हें बाहर निकाला गया और एमजी अस्पताल ले जाया गया।
जानकारी के अनुसार, करीना पढ़ाई करती थी, जबकि उनके पिता मजदूरी का काम करते हैं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.