मोगा में एक 14 वर्षीय छात्रा को रिश्ते में लगते उसके नाना (नानी के भाई) ने दातर से हमला कर घायल कर दिया। हमला उस वक्त हुआ जब बच्ची स्कूल से लौटकर अपने कमरे में कपड़े बदल रही थी। गंभीर रूप से घायल छात्रा को परिजनों ने लहूलुहान हालत में सिविल अस्पताल में भर्ती कराया है।
अस्पताल प्रशासन द्वारा मामले की जानकारी पुलिस को दे दी गई है। जानकारी के अनुसार छात्रा दोपहर करीब 3 बजे स्कूल से घर लौटी और वर्दी बदलने के लिए अपने कमरे में गई। उसने अंदर से कुंडी लगाई लेकिन उसे पता नहीं था कि कमरे के भीतर उसका नाना मंगल सिंह (60) पहले से ही दातर लेकर छिपा बैठा है।
जैसे ही लड़की ने उसे देखा और शोर मचाना शुरू किया, उसने हमला कर छात्रा को घायल कर दिया। वारदात के बाद मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने आरोपी मंगल सिंह को पकड़ लिया और उसकी जमकर पिटाई की। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आरोपी मंगल सिंह को हिरासत में ले लिया है। हमले में इस्तेमाल हथियार भी बरामद करने की प्रक्रिया जारी है।
लड़की की मां परमिंदर कौर ने बताया कि बेटी कपड़े बदल रही थी, इसलिए दरवाजा बंद था। हम चाहकर भी उसे तुरंत नहीं बचा सके। जब दरवाजा तोड़ा तो मंजर देख रूह कांप गई आरोपी ने राजदीप के चेहरे, सिर, दोनों हाथों, पीठ और कंधों पर कई वार कर दिए थे। दरवाजा खुलते ही मासूम बिना कपड़ों के, खून से लथपथ हालत में बाहर की ओर भागी। परिजनों ने तुरंत उसे कपड़ों में लपेटा और अस्पताल पहुंचाया।
थाना सदर के एसएचओ इंस्पेक्टर हरविंदर सिंह का कहना है कि मामला उनके ध्यान में है घायल लड़की के परिजनों द्वारा दिए जाने वाले बयानो के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.