गिरिडीह के नगर थाना क्षेत्र में एंटी क्राइम चेकिंग के दौरान पुलिस ने चोरी की एक मोटरसाइकिल बरामद की है। इस कार्रवाई में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि एक अन्य आरोपी फरार है। यह जानकारी डीएसपी नीरज कुमार सिंह ने दी।
डीएसपी नीरज सिंह ने बताया कि चेकिंग के दौरान नेताजी चौक के पास सहायक अवर निरीक्षक प्रमोद प्रसाद ने काले रंग की ग्लैमर मोटरसाइकिल पर सवार दो युवकों को रुकने का इशारा किया। पुलिस को देखते ही दोनों युवक बाइक मोड़कर भागने लगे, लेकिन सशस्त्र बल की मदद से पीछा कर उन्हें पकड़ लिया गया।
पूछताछ में उनकी पहचान पचम्बा थाना क्षेत्र के सुगासार निवासी रविंद्र साव और विजय साव (दोनों पिता गंदौरी साव) के रूप में हुई। उनसे बाइक के कागजात मांगे गए, लेकिन वे कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके।
जब्त बाइक।
दोनों युवकों ने स्वीकार किया कि उन्होंने यह मोटरसाइकिल सत्यनारायण पांडेय और सुनील कुमार दास से 15 हजार रुपए में खरीदी थी। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने अलकापुरी से सत्यनारायण पांडेय और सुनील कुमार दास को भी गिरफ्तार कर लिया।
दोनों ने पुलिस को बताया कि उन्होंने यह चोरी की मोटरसाइकिल मो. ताज हसन और मो. सदाब उर्फ मिठू से खरीदी थी। इन दोनों ने ही उन्हें बाइक का नंबर बदलकर चलाने की सलाह दी थी।
इस मामले में नगर थाना कांड संख्या 07/26, दिनांक 09.01.26 के तहत भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया गया है। अनुसंधानकर्ता पुलिस अवर निरीक्षक उपेंद्र कुमार दास ने पांचवें अभियुक्त मो. ताज हसन को गिरफ्तार कर लिया है। हालांकि, मो. सदाब उर्फ मिठू की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.