गयाजी में पूर्व मध्य रेलवे के डीडीयू मंडल अंतर्गत रेलवे सुरक्षा बल ने ‘ऑपरेशन नन्हे फरिश्ते’ के तहत कार्रवाई की है। गया रेलवे स्टेशन परिसर में गश्ति के दौरान भटकी एक नाबालिग लड़की को सुरक्षित बरामद कर निगरानी में लेकर चाइल्ड हेल्प लाइन को दे दिया गया है। रेलबे सुरक्षा बल पोस्ट गया के अधिकारियों के अनुसार, 4 फरवरी 2026 को स्टेशन परिसर में नियमित गश्ति चल रही थी। इसी दौरान प्लेटफॉर्म संख्या एक के हावड़ा छोर के पास एक किशोरी एकांत में बैठी दिखी। इसकी उम्र करीब 15 साल है। स्थिति संदिग्ध लगी। प्रथम दृष्टया से घर से भागे होने की आशंका बनी। इसके बाद महिला आरक्षी को मौके पर बुलाया गया और नाबालिग से बातचीत की गई। 510 रुपये नकद मिले पूछताछ में किशोरी ने अपना पता अशोक राजपथ, महेंदू, थाना सुल्तानगंज, जिला पटना बताया। उसने बताया कि घर में झगड़े के बाद बिना किसी को बताए निकल गई थी और भटकते हुए गया स्टेशन पहुंच गई। तलाशी के दौरान उसके पास 510 रुपये नकद पाए गए। रेलवे सुरक्षा बल ने नाबालिग को भयमुक्त माहौल में रेसुब पोस्ट गया लाया। संभावित अनहोनी या तस्करी की आशंका को देखते हुए तत्काल रेलवे चाइल्ड हेल्प डेस्क एवं जिला बाल संरक्षण इकाई को सूचना दी गई। सूचना पर चाइल्ड हेल्प डेस्क की सुपरवाइजर पुनीता कुमारी रेसुब पोस्ट पहुंचीं। सभी औपचारिकताओं के बाद नाबालिग लड़की को सुरक्षित और सही-सलामत चाइल्ड हेल्प लाइन गया के सुपुर्द कर दिया गया। रेलवे सुरक्षा बल का कहना है कि ‘ऑपरेशन नन्हे फरिश्ते’ के तहत स्टेशन परिसर में बच्चों की सुरक्षा को लेकर निगरानी जारी रहेगी।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.