गयाजी के बेलागंज थाना क्षेत्र के टिकुली गांव में शुक्रवार को रसोई गैस सिलेंडर में आग लग गई। लक्ष्मीपुर पंचायत गांव में दोपहर के समय एक घर में खाना बन रहा था। इसी दौरान तेज धमाके के साथ सिलेंडर में विस्फोट हुआ। आवाज इतनी जोरदार थी कि आसपास के घरों तक कंपन महसूस किया गया। इससे लोगों के बीच दहशत का आलम बन गया। विस्फोट के बाद उठी आग ने कुछ ही मिनटों में पूरे घर को घेर लिया। तेज हवा और सघन बसावट के कारण लपटें पास के तीन घरों तक पहुंच गईं। ग्रामीणों ने बालू व पानी से आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन आग तेजी से फैलती रही। हालात बिगड़ता देख अग्निशमन विभाग को सूचना दी गई। पीड़ित परिवारों के सामने अब आजीविका का संकट दमकल की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। समय रहते कार्रवाई नहीं होती तो नुकसान और बढ़ सकता था। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में कोई भी जनहानि नहीं हुई। हालांकि, घरों में रखा फर्नीचर, अनाज, कपड़े और अन्य घरेलू सामान जलकर राख हो गए। गांव वालों का कहना है कि पीड़ित परिवारों के सामने अब आजीविका का संकट खड़ा है। घटना की सूचना पर स्थानीय समाजसेवी मोहम्मद एमाद आलम भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिवारों से मुलाकात की और तत्काल सहायता दी। साथ ही प्रशासन से सरकारी मुआवजा दिलाने की मांग की। ग्रामीणों का कहना है कि गांवों में गैस सिलेंडर के सुरक्षित उपयोग को लेकर जागरूकता की कमी है। संकरी गलियां और अग्निशमन संसाधनों की दूरी की वजह से खतरा अधिक बना है। टिकुली में आग भले बुझ गई हो, लेकिन कई परिवारों की रसोई और उम्मीदें राख में बदल चुकी हैं। अब निगाह प्रशासनिक राहत पर टिकी है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.