थाना छेहर्टा पुलिस ने फायरिंग मामले में 4 दिन पहले पकड़े आरोपी अमृतपाल सिंह के साथी हरप्रीत सिंह निवासी नारायणगढ़ को काबू किया है। हरप्रीत के खिलाफ 2021 में छेहर्टा थाने में एनडीपीएस का एक केस पहले से दर्ज है। एडीसीपी-2 सिरीवेनेला ने बताया कि 22 दिसंबर को गुरु रामदास कॉलोनी, छेहर्टा निवासी जसपाल सिंह ने शिकायत दी थी कि दोस्त सिमरनजीत की दुकान पर मौजूद था।
पुराने विवाद और रंजिश के चलते आरोपी अमृतपाल सिंह उर्फ रोनी निवासी घन्नूपुर काले अपने साथी हरप्रीत सिंह उर्फ हैपी न्याना निवासी नारायणगढ़ के साथ वहां पहुंचा। हरप्रीत कार चला रहा था जबकि अमृतपाल पिस्तौल से लैस था। आरोपी ने उसपर जान से मारने की नीयत से 2 गोलियां चलाईं, जो उसके दोनों पैरों में लगीं। उसने पास के घर में घुसकर अपनी जान बचाई, जबकि आरोपी धमकियां देते हुए फरार हो गए थे।
पुलिस ने आरोपी अमृतपाल सिंह को इस्लामाबाद इलाके से काबू किया। 25 दिसंबर को निशानदेही पर पिस्तौल बरामद करने के लिए पुलिस लेकर आई थी, लेकिन आरोपी ने पिस्तौल निकालकर एएसआई जयबीर सिंह पर गोली चला दी थी। जवाबी कार्रवाई में अमृतपाल घायल हो गया था। अब अमृतपाल के साथी हरप्रीत सिंह को भी काबू कर लिया है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.