राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री एवं भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष वसुंधरा राजे बुधवार को बीकानेर जाते समय सीकर स्थित भाजपा कार्यालय पर रुकीं। इस दौरान सैकड़ों की संख्या में मौजूद भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। कार्यक्रम के दौरान वसुंधरा राजे ने मंच से कार्यकर्ताओं को संबोधित भी किया। मंच पर कई वरिष्ठ नेता मौजूद थे। अपने संबोधन के दौरान वसुंधरा राजे ने पुराने साथियों को याद करते हुए कहा कि जब हमने राजनीति की शुरुआत की थी, तब सभी चुस्त-दुरुस्त और जवान नजर आते थे, लेकिन अब उम्र का असर दिखाई देने लगा है। उन्होंने कहा कि यह स्थिति अब सभी की हो चुकी है।
‘गोरधन वर्मा अपनी विधानसभा में बरगद की तरह फैल चुके’
वसुंधरा राजे ने धोद विधायक गोरधन वर्मा पर मजाकिया अंदाज में टिप्पणी करते हुए कहा कि पहले उनकी विधानसभा को लेकर यह चिंता रहती थी कि चुनाव कैसे जीता जाए और आगे क्या होगा। लेकिन अब गोरधन वर्मा अपनी विधानसभा में बरगद की तरह फैल चुके हैं और वहां उनसे आगे कोई नहीं है। उन्होंने कहा कि अब वहां न तो कांग्रेस बची है और न ही कम्युनिस्ट पार्टी। हम सभी को भी उन्हीं की तरह मजबूत और व्यापक बनना चाहिए।
‘अब आप आराम करें और घर पर ही रहें’
कार्यक्रम के बाद वसुंधरा राजे ने सीकर विधानसभा से भाजपा के पूर्व प्रत्याशी रहे रतनलाल जलधारी से भी बातचीत की। इस दौरान उन्होंने कहा कि उनका दुर्भाग्य रहा कि वे चुनाव हार गए। जलधारी के पोते की राजनीति में सक्रियता की चर्चा पर वसुंधरा राजे ने मजाक करते हुए कहा कि अब आप आराम करें और घर पर ही रहें।
ये भी पढ़ें: अंता उपचुनाव में हार का ठीकरा मोरपाल सुमन ने बड़े नेताओं पर फोड़ा, भाजपा ने थमाया नोटिस
राज्य में लगातार दौरा कर रही वसुंधरा
उल्लेखनीय है कि वसुंधरा राजे गुरुवार को बीकानेर में कई कार्यक्रमों में शिरकत करने वाली हैं। इसी सिलसिले में वह बीकानेर जा रही थीं। बीते कुछ दिनों से वसुंधरा राजे लगातार राज्य के विभिन्न जिलों का दौरा कर पार्टी कार्यक्रमों में भाग ले रही हैं।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.