ट्राइसिटी में सर्दी और कोहरे का प्रकोप जारी है। तीन साल बाद क्रिसमस पर कड़ाके की ठंड रही। वीरवार सुबह धूप खिली लेकिन हवा के रुख बदलते ही घना कोहरा छा गया जिससे जनजीवन प्रभावित हुआ। चंडीगढ़ एयरपोर्ट पर विजिबिलिटी करीब 800 मीटर रह गई और छह उड़ानों को रद्द करना पड़ा।
चंडीगढ़ मौसम विभाग के निदेशक सुरिंदर पाल ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने के कारण अचानक तापमान में गिरावट आई। अधिकतम तापमान 17.4 डिग्री और न्यूनतम 6.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया जो पिछले वर्षों की तुलना में काफी कम है। मौसम विभाग के मुताबिक आने वाले दिनों में ठंड बढ़ेगी और घना कोहरा अधिक रहने की संभावना है। वर्ष 2022 में हवा की गुणवत्ता अच्छी थी लेकिन तापमान बहुत कम रहने के कारण कोहरा फैल गया था। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, 27, 28 और 29 दिसंबर को हिमाचल के ऊपरी इलाकों में बर्फबारी की संभावना है।
पंचकूला, कालका, पिंजौर, मोरनी और रायपुररानी में दिनभर घना कोहरा छाया रहा। 18 किमी प्रति घंटा की तेज हवा के कारण ठंड में और इजाफा हुआ। ठंड और प्रदूषण बढ़ने से एयर क्वालिटी इंडेक्स (एक्यूआई) 278 दर्ज किया गया जो सेहत की खतरनाक श्रेणी में पहुंच गया। इसके साथ मोहाली, जीरकपुर, डेराबस्सी, खरड़ और कुराली में घना कोहरा रहा। इससे दो और चारपहिया वाहन चालकों को आवागमन में दिक्कत का सामना करना पड़ा।
सिविल अस्पताल सेक्टर-6 के इमरजेंसी इंचार्ज डॉ. मंदीप सिंह ने बताया कि बुखार और सांस संबंधी मरीजों की संख्या में बढ़ोतरी हुई। छुट्टी के दिन भी 400 से अधिक मरीज इलाज के लिए आए। हरियाणा प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के रीजनल ऑफिसर सुधीर मोहन ने कहा कि एक्यूआई ऊंचा बने रहने की संभावना है और विशेषकर बुजुर्ग व बच्चों को घर से बाहर निकलने में सावधानी बरतने की सलाह दी गई।
पहाड़ी इलाके में ठंड से ठिठुरे लोग
मोरनी क्षेत्र में सुबह-शाम घनी धुंध और तेज हवाओं के साथ ठंड बढ़ गई। दिन में धूप निकलने से थोड़ी राहत मिली लेकिन दोपहर बाद कोहरा छाने और कड़ाके की ठंड बढ़ने से लोग ठिठुरने को मजबूर हुए। मौसम विभाग ने बताया कि आने वाले दिनों में ठंड और बढ़ सकती है और धुंध के कारण तापमान और गिर सकता है।
स्वास्थ्य विशेषज्ञों की सलाह
पीजीआई के वरिष्ठ बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. अरुण बंसल ने कहा कि बच्चों को पर्याप्त गर्म कपड़े पहनाएं, सिर, कान और पैर ढकें। नवजात और छोटे बच्चों को ठंडी हवा से बचाएं। गुनगुना पानी पिलाएं और पौष्टिक आहार दें। बुखार, खांसी या सांस लेने में दिक्कत होने पर तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें।
हवाई और रेल यातायात प्रभावित
चंडीगढ़ में लो विजिबिलिटी के कारण एयरपोर्ट पर सुबह उड़ानें संभव नहीं हो पाईं। छह उड़ानों को रद्द करना पड़ा। एयरपोर्ट के सीईओ अजय वर्मा ने बताया कि लो विजिबिलिटी के कारण सुबह के समय उड़ान संभव नहीं थी। वहीं, रेल यातायात पर असर दिखा। कालका-नई दिल्ली शताब्दी 30 मिनट, पटना-चंडीगढ़ सुपरफास्ट 3 घंटे, गोवा संपर्क क्रांति 1 घंटा 26 मिनट, वंदे भारत एक्सप्रेस 5 से 10 मिनट देरी से पहुंची।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.