पंजाब में ओलावृष्टि व तेज हवाओं के साथ बारिश से ठंड बढ़ गई है। पंजाब के अधिकतम तापमान में 3.1 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। इससे अब यह सामान्य से 4.9 डिग्री नीचे पहुंच गया है। प्रमुख तौर से पटियाला में 29.0 एमएम, लुधियाना में 16.0 एमएम, पठानकोट में 12.0 एमएम, रूपनगर में 10.0 एमएम की बारिश दर्ज की गई।
मौसम विभाग ने आज भी पंजाब में कुछ जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश की भविष्यवाणी की है। साथ ही आने वाले तीन दिनों के लिए पंजाब में कईं जगहों पर शीत लहर चलने व साथ में घना कोहरा पड़ने का येलो अलर्ट भी जारी कर दिया है।
विभाग के मुताबिक 30 जनवरी की रात से पंजाब में एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा। इसके असर से पंजाब में 31 जनवरी से चार दिन तक बारिश का मौसम रहेगा। खास तौर से एक फरवरी को मौसम ज्यादा खराब रहेगा और इस दिन 30 से 40 किलोमीटर की रफ्तार से तेज हवाएं चलने के साथ बारिश होगी। इससे आने वाले दिनों में पंजाब में ठंड का सितम और बढ़ने की संभावना है। तापमान में 4 से 5 डिग्री तक की कमी दर्ज की जा सकती है।
पंजाब में सबसे अधिक 18 डिग्री का पारा बठिंडा का रहा, वहीं अमृतसर का अधिकतम पारा 14.6 डिग्री, लुधियाना का 16.0 डिग्री, पटियाला का 14.4 डिग्री, पठानकोट का 16.2 डिग्री, गुरदासपुर का 16.0 डिग्री, होशियारपुर का 15.1 डिग्री, फरीदकोट का 17.9 डिग्री, रूपनगर का 16.0 डिग्री दर्ज किया गया। पंजाब के न्यूनतम तापमान में 3.6 डिग्री की वृद्धि दर्ज की गई। यह सामान्य से 3 डिग्री ऊपर बना है। सबसे कम 7.7 डिग्री का पारा लुधियाना का दर्ज किया गया। अमृतसर का न्यूनतम पारा 10.3 डिग्री, पटियाला का 9.2 डिग्री, एसबीएस नगर का 9.7 डिग्री, रूपनगर का 10.9 डिग्री दर्ज किया गया।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.