छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में न्यू ईयर फेस्ट के दौरान गंगरेल रोड पर दो पक्षों के बीच हुई मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। यह घटना शनिवार देर शाम की बताई जा रही है, जिसमें कुछ युवतियां भी बीच-बचाव करते हुए नजर आ रही हैं।
जानकारी के मुताबिक, गंगरेल में 1 जनवरी से 4 जनवरी तक न्यू ईयर फेस्ट का आयोजन किया गया है। इस दौरान जिले सहित अन्य राज्यों से भी बड़ी संख्या में पर्यटक और श्रद्धालु गंगरेल पहुंचे हैं। गंगरेल धार्मिक स्थल होने के साथ-साथ एक प्रमुख पर्यटन केंद्र भी है।
सड़क पर हुई हाथापाई, युवतियां करती दिखीं बीच-बचाव
वायरल वीडियो में गंगरेल रोड पर भीड़भाड़ के बीच कुछ युवक आपस में हाथापाई और लात-घूंसे चलाते नजर आ रहे हैं। वीडियो में कुछ युवतियां झगड़ा शांत कराने का प्रयास करती दिखाई दे रही हैं।
पुलिस को नहीं मिली शिकायत
इस मामले में रुद्री थाना प्रभारी अमित सिंह ने बताया कि उन्हें वायरल वीडियो के संबंध में कोई आधिकारिक सूचना नहीं मिली है। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस घटना को लेकर थाने में कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। उन्होंने यह भी बताया कि न्यू ईयर फेस्ट को देखते हुए गंगरेल क्षेत्र में पर्याप्त पुलिस बल तैनात है।

आरोपियों की पहचान और विवाद का कारण स्पष्ट नहीं
फिलहाल, मारपीट में शामिल युवकों की पहचान नहीं हो सकी है और न ही उनके बीच विवाद के कारणों का पता चल पाया है। पुलिस सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के आधार पर मामले की जानकारी जुटाने में लगी हुई है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.