फतेहाबाद जिले के टोहाना में रतिया रोड पर स्थित शेरू का ढाबा में मारपीट और तोड़फोड़ का मामला सामने आया है। आरोप है कि शराब पीने के बाद कुछ युवकों ने ढाबा मालिक और कर्मचारियों के साथ मारपीट की। साथ ही आरोपियों ने दुकान का सामान क्षतिग्रस्त कर दिया। आरोपियों की वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। इस संबंध में पुलिस को शिकायत दी गई है। ढाबा संचालक महेंद्र ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि यह घटना 17 फरवरी की रात करीब 10:35 बजे हुई। दो युवक खाना खाने के लिए ढाबे के अंदर बैठे थे। उस समय भीड़ अधिक होने के कारण वे ग्राहकों में व्यस्त थे। आरोप है कि युवकों ने बिना जानकारी ढाबे में बैठकर शराब पी या कोई अन्य नशा किया और नशे में धुत हो गए। इसके बाद खाना खाने के बाद वे आपस में ऊंची आवाज में गाली-गलौज करने लगे। आरोपी बोले-‘बच्ची गैंग’ से हैं और ढाबा नहीं चलने देंगे जब आरोपियों से खाने का बिल मांगा गया, तो उन्होंने महेंद्र और उसके कर्मचारियों के साथ झगड़ा और मारपीट शुरू कर दी। एक आरोपी ने महेंद्र की टांग पर दांतों से काट लिया। जब कर्मचारियों दया राम, गोपाल और अजय ने बीच-बचाव करने की कोशिश की, तो उनके साथ भी मारपीट की गई। आरोपियों ने धमकी दी कि वे ‘बच्ची गैंग’ से हैं और ढाबा नहीं चलने देंगे, साथ ही जान से मारने की धमकी भी दी। आरोपियों ने फोन करके साथियों को बुलाया आरोपियों ने ढाबे के बाहर खड़े होकर अपने साथियों को हथियार के साथ बुलाने के लिए फोन किया, जिससे ढाबा मालिक घबरा गया। वारदात से बचने के लिए महेंद्र अपना ढाबा बंद करके मौके से चला गया। इसके बाद आरोपियों ने ढाबे में तोड़फोड़ की। उन्होंने काउंटर के पत्थर तोड़ दिए, पानी की टंकी क्षतिग्रस्त कर दी और दुकान के शटर का ताला तोड़ने की कोशिश की। धमकी देकर आरोपी हुए फरार जब वे पानी का ड्रम उठाकर बाइक पर ले जाने लगे, तो चौकीदार ने उन्हें रोका। महेंद्र ने तुरंत डायल 112 पर फोन कर पुलिस को सूचना दी। पुलिस को आता देखकर आरोपी मौके से फरार हो गए और जाते-जाते धमकी दे गए कि आज तो बच गया, दोबारा आकर वारदात करेंगे और बच्ची गैंग के साथ पंगा लेने का मजा चखायेंगे। शहर थाना प्रभारी कुलदीप सिंह ने बताया कि मामले की शिकायत प्राप्त हो गई है। उन्होंने कहा कि जांच की जा रही है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.