फतेहाबाद के जाखल खंड के नडेल गांव में एक किसान की जमीन की नीलामी का विरोध हो रहा है। भारतीय किसान यूनियन एकता उग्रहा के नेता निर्भय रतिया ने बुधवार देर शाम एक वीडियो जारी कर जिले और आसपास के किसानों से गुरुवार सुबह नडेल गांव में अधिक संख्या में पहुंचने की अपील की है, ताकि किसान की जमीन को नीलाम होने से बचाया जा सके। यह विवाद जाखल के एक आढ़ती और किसान के बीच पैसों के लेनदेन को लेकर है। किसान नेता निर्भय रतिया के अनुसार, एक किसान की 37 कनाल जमीन 8 लाख 60 हजार रुपए के बदले कुर्क की जा रही है, जिसे वे गलत मानते हैं। इस मामले को लेकर किसानों की आढ़ती के साथ तीन बार बैठकें हो चुकी हैं, लेकिन कोई समाधान नहीं निकल पाया। प्रशासन ने पहले भी किया था नीलामी का प्रयास निर्भय रतिया ने बताया कि इससे पहले 17 दिसंबर को भी प्रशासन द्वारा नीलामी का प्रयास किया गया था, लेकिन किसानों ने एकजुट होकर उसे रोक दिया था। उन्होंने गुरुवार सुबह होने वाली नीलामी को रोकने के लिए किसानों से बड़ी संख्या में मौके पर पहुंचने का आग्रह किया है। वहीं, आढ़ती जगदीश चंद ने बताया कि किसान संगठनों के साथ तीन दौर की बातचीत हुई, लेकिन किसान संगठन पैसे देने को तैयार नहीं हैं। उन्होंने कहा कि किसान का परिवार किसी भी तरह से पैसे देने में सक्षम नहीं है, और कोर्ट द्वारा दिया गया फैसला उनके लिए मान्य है। आढ़ती जगदीश चंद ने फतेहाबाद के जिला पुलिस कप्तान को पत्र लिखकर अपनी सुरक्षा की मांग की है। उन्होंने कहा कि कोर्ट के आदेशानुसार डिग्री धारक को मौके पर उपस्थित रहना जरूरी है और उनकी उम्र 68 वर्ष है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.