इस बार बल्लभगढ़ के दशहरा ग्राउंड में गणतंत्र दिवस का प्रोग्राम बड़ा शानदार रहा. स्टार वायर की झांकी ने सबसे ज्यादा ध्यान खींचा. बल्लभगढ़ दशहरा मैदान में भीड़ काफी थी. बच्चे, टीचर, पैरेंट्स, सब देशभक्ति के माहौल में डूबे हुए थे. परेड, कल्चरल प्रोग्राम्स हुए और अलग-अलग स्कूलों की झांकियां भी रहीं. मुख्य अतिथि बने हरियाणा के पूर्व कैबिनेट मंत्री और बल्लभगढ़ विधायक मूलचंद शर्मा. उनके साथ SDM मयंक भारद्वाज और एसीपी जितेश मल्होत्रा भी मंच पर थे.
झांकी पर ऑपरेशन सिंदूर का पोस्टर
अब अगर स्टार वायर की झांकी की बात करें, तो इस साल भी कंपनी ने अपने डिफेंस प्रोडक्ट्स को जबरदस्त तरीके से दिखाया. झांकी पर ऑपरेशन सिंदूर का पोस्टर था, जो सामने से ही आकर्षित करता था. वैसे कंपनी हर साल इस प्रोग्राम में भाग लेती है और इस बार भी उनकी झांकी पर सबसे ज्यादा चर्चा रही.
Local18 से बात करते हुए स्टार वायर के सावल सिंह ने बताया कि वे आर्मी से रिटायर हैं. 36 साल सेना में रहे हैं और अब कंपनी में सिक्योरिटी ऑफिसर हैं. उनकी बातों से साफ झलकता है कि कंपनी डिफेंस सेक्टर के लिए ही बनाई गई है और देश की सुरक्षा मजबूत करने में पूरी ताकत लगाती है. बुलेटप्रूफ जैकेट हो, हेलमेट हो, मॉर्चे या बॉर्डर पर तैनात जवानों के लिए जरूरी गाड़ियां, ये सब कंपनी बनाती है और सीधे सेना तक पहुंचाती है, ताकि जवान सुरक्षित रहें.
चंद्रयान जैसे मिशन में भी निभाई भूमिका
सावल सिंह ने आगे बताया कि कंपनी सिर्फ डिफेंस तक सीमित नहीं है. चंद्रयान जैसे मिशन में भी उन्होंने काम किया है. शिपिंग के लिए रॉ मैटेरियल हो या एयरोस्पेस सेक्टर, हर जगह इनकी चीजें जाती हैं. कंपनी 1981 से चल रही है और तब से लेकर अब तक अपने प्रोडक्ट्स और झांकियों के जरिए लोगों को डिफेंस टेक्नोलॉजी के बारे में बताती आ रही है.
जहां तक रोजगार की बात है, तो बल्लभगढ़ वाले प्लांट में करीब 2000 वर्कर हैं और छायंसा के बड़े प्लांट में 4000 से 5000 वर्कर काम करते हैं. दोनों प्लांट मिलकर बड़ी तादाद में डिफेंस प्रोडक्ट्स बनाते हैं और आर्मी, नेवी, एयरफोर्स तीनों को सप्लाई करते हैं.
देश की सुरक्षा मजबूत
इसी दौरान, छायंसा प्लांट में SA के पद पर काम कर रहे लखन पाल ने भी Local18 से कहा कि कंपनी का पूरा फोकस डिफेंस पर है. कर्मचारियों को गर्व है कि वे उस काम से जुड़े हैं जो सैनिकों की जान बचाता है और देश की सुरक्षा मजबूत करता है.
गणतंत्र दिवस के इस प्रोग्राम में जहां स्कूलों ने देशभक्ति से भरी प्रस्तुतियां दीं, वहीं स्टार वायर की झांकी ने ये दिखा दिया कि भारत में ही ऐसी टेक्नोलॉजी और प्रोडक्ट बन रहे हैं, जो देश की सुरक्षा को मजबूत स्थिति में खड़ा करते हैं. ऐसे आयोजनों से न सिर्फ देशभक्ति और एकता का संदेश जाता है, बल्कि ये भी समझ आता है कि जवानों के साथ-साथ उनके पीछे खड़ी इंडस्ट्री और टेक्नोलॉजी भी उतनी ही जरूरी है.
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.