मृतक बच्ची सुनैना का फाइल फोटो।
फरीदाबाद के मुजेसर रेलवे फाटक के पास एक हादसा हुआ। जहां खेलते-खेलते 3 साल की बच्ची सुनैना रेलवे ट्रैक पर पहुंच गई और दिल्ली से मथुरा की ओर जा रही मालगाड़ी की चपेट में आने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे की सूचना मिलते ही जीआरपी मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। बाद में पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया।
मृतक बच्ची की पहचान सुनैना पुत्री धर्मेंद्र के रूप में हुई है। मूल रूप से बिहार के हाजीपुर निवासी धर्मेंद्र फरीदाबाद की आजाद कॉलोनी, मुजेसर फाटक के पास अपनी पत्नी चंदा देवी और चार बच्चों के साथ किराए पर रहते हैं। धर्मेंद्र और उनकी पत्नी दोनों प्राइवेट कंपनी में नौकरी करते हैं। गुरुवार को भी दोनों ड्यूटी पर गए हुए थे। घर में उनके चारों बच्चे ही मौजूद थे।
फरीदाबाद में खेलते हुए बच्ची रेलवे ट्रैक पर पहुंच गई, जहां मालगाड़ी की चपेट में आने से उसकी मौत हो गई।
बड़ी बहनों के साथ खेल रही थी बच्ची
दोपहर करीब तीन बजे सुनैना अपनी बड़ी बहनों के साथ घर के पास ही खेल रही थी। खेलते-खेलते वह अचानक कॉलोनी से सटे फोर्थ रेलवे लाइन तक पहुंच गई। उसी समय दिल्ली से मथुरा की ओर जा रही एक मालगाड़ी वहां से गुजर रही थी, जिसकी चपेट में आने से बच्ची की मौत हो गई।
स्थानीय लोगों ने तुरंत घटना की जानकारी पुलिस को दी। जीआरपी ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और बच्ची के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाया।
जांच अधिकारी रुकमणी ने बताया कि आजाद कॉलोनी रेलवे लाइन के बिल्कुल किनारे बसी है, जिससे ऐसे हादसों का खतरा हमेशा बना रहता है। बच्ची रेलवे ट्रैक पर कैसे पहुंची, इसके कारणों की जांच की जा रही है। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई में जुटी है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.