कबड्डी प्रमोटर राणा बलाचौरिया हत्याकांड का मुख्य शूटर करन डिफॉल्टर मंगलवार सुबह पुलिस मुठभेड़ में ढेर हो गया। यह मुठभेड़ न्यू चंडीगढ़ के मुल्लांपुर इलाके में क्रिकेट स्टेडियम के पास गांव रूरखी खाम (एयरपोर्ट रोड) पर हुई। सुबह करीब सात बजे शुरू हुई मुठभेड़ आधे घंटे तक चली।
पुलिस के अनुसार करन डिफॉल्टर .30 बोर पिस्टल से लैस था। उसने पुलिस पर 6 से 7 राउंड फायर किए, जबकि जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने करीब 9 राउंड फायरिंग की। क्रॉस फायरिंग में करन को गोली लगी। उसे गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई। एसएसपी हंस ने मौके पर पहुंच कर इसकी पुष्टि की है।
रात को कस्टडी से हुआ था फरार
बताया गया कि करन रात पुलिस कस्टडी से फरार हो गया था। वह सीआईए स्टाफ की हिरासत में था और .30 बोर पिस्टल की रिकवरी के लिए ले उसे साथ ले जाया जा रहा था। इसी दौरान धुंध के कारण पुलिस कार डिवाइडर पर चढ़ी तो करन ने सीने में दर्द होने का बहाना बनाया। जब उसे खरड़ अस्पताल ले जाया जा रहा था, तो रास्ते में उसने हाथ में पहनी हथकड़ी से पुलिस मुलाजिम पर हमला कर दिया और मौके से फरार हो गया। इस हमले में पुलिस मुलाजिम जसपिंदर घायल हुआ है। करन के फरार होने के संबंध में रात को खरड़ थाने में एफआईआर दर्ज की गई थी, जबकि मुठभेड़ को लेकर अलग एफआईआर दर्ज की जा रही है।
एसएसपी के मुताबिक करन छह से सात घंटे तक फरार रहा। मंगलवार सुबह सीआईए टीम को उसके मुल्लांपुर इलाके में होने का इनपुट मिली, जिसके बाद पुलिस ने ट्रैप लगाया। घेराबंदी के दौरान करन ने फायरिंग शुरू कर दी, जिसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की और उसे गोली लग गई।
बताया जा रहा है कि करन के फरार होने के बाद रात से उसकी तलाश में मोहाली, श्री फतेहगढ़ साहिब और रोपड़ रेंज की पुलिस टीमें जुटी थीं। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि कस्टडी से भागने के बाद करन को किसने मदद दी। मामले की जांच जारी है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.