BSEB 12th Exam 2026: 13 लाख से अधिक परीक्षार्थी, बेटियों का दबदबा
बिहार बोर्ड इंटर परीक्षा 2026 में कुल 13,17,846 परीक्षार्थी शामिल हो रहे हैं. आंकड़ों पर नजर डालें तो छात्राओं की संख्या 6,75,844 है, जबकि छात्रों की संख्या 6,42,002 है. राजधानी पटना की बात करें तो वहां 84 परीक्षा केंद्रों पर लगभग 73 हजार छात्र परीक्षा देंगे. बिहार बोर्ड परीक्षा केंद्र में एडमिट कार्ड, आईडी कार्ड और स्टेशनरी लेकर जाएं.
Bihar Board 12th Exam 2026: परीक्षा का समय और रिपोर्टिंग नियम
बिहार बोर्ड इंटर परीक्षा 2026 दो पालियों में आयोजित की जाएगी.
- पहली पाली: सुबह 9:30 बजे से शुरू होगी, जिसके लिए एंट्री सुबह 8:30 बजे से ही शुरू हो जाएगा. सुबह 9:00 बजे परीक्षा केंद्र का मेन गेट बंद कर दिया जाएगा.
- दूसरी पाली: बिहार बोर्ड परीक्षा दोपहर 1:00 बजे से शुरू होगी, जिसके लिए एंट्री दोपहर 12:00 बजे से मिलेगी.
बिहार बोर्ड ने सख्त हिदायत दी है कि परीक्षा शुरू होने से ठीक एक घंटा पहले पहुंचना अनिवार्य है. परीक्षा केंद्र का दरवाजा बंद होने के बाद किसी भी स्टूडेंट को अंदर जाने की अनुमति नहीं होगी.
नकल रोकने के लिए ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति
बिहार बोर्ड ने नकल रोकने के लिए सख्त कदम उठाए हैं. हर परीक्षा केंद्र पर CCTV कैमरे लगाए गए हैं और पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी कराई जाएगी. परीक्षा केंद्रों के 200 मीटर के दायरे में धारा 163 लागू रहेगी, जिससे बाहरी भीड़ का जमावड़ा नहीं हो सकेगा. साथ ही, परीक्षार्थियों की दो स्तरों पर ‘फ्रिस्किंग’ (जांच) की जाएगी. इससे कोई भी इलेक्ट्रॉनिक उपकरण या चिट-पुर्जा अंदर नहीं जा सकेगा. बिहार बोर्ड परीक्षा केंद्र के अंदर मोबाइल फोन पूरी तरह प्रतिबंधित है.
नियम तोड़ने पर 2 साल का प्रतिबंध और FIR
बिहार बोर्ड अनुशासन को लेकर बहुत ज्यादा सख्त है. इस साल परीक्षा केंद्रों पर जरा सी भी लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. अगर कोई परीक्षार्थी जबरदस्ती केंद्र में एंट्री करने की कोशिश करता है या दीवार फांदकर अंदर जाने की कोशिश करता है तो उसके खिलाफ तुरंत FIR दर्ज की जाएगी. ऐसे स्टूडेंट्स को न केवल परीक्षा से निष्कासित कर दिया जाएगा, बल्कि अगले 2 सालों तक किसी भी परीक्षा में बैठने पर रोक लगा दी जाएगी.
परीक्षार्थियों के लिए जरूरी निर्देश
- एडमिट कार्ड और पेन के अलावा कुछ भी साथ न ले जाएं.
- जूते-मोजे के बजाय चप्पल पहनकर आने की सलाह दी गई है (मौसम के अनुसार इसमें ढील दी जा सकती है).
- केंद्र पर तय समय से कम से कम 1 घंटा पहले पहुंचें.
फाइनल तैयारी के 5 गोल्डन टिप्स
- गेट क्लोजिंग टाइम: पहली पाली के लिए सुबह 9:00 बजे और दूसरी पाली के लिए दोपहर 12:30 बजे गेट बंद हो जाएगा. इसे अपने दिमाग में सेट कर लें.
- दो स्तर की जांच: केंद्र के गेट पर और फिर क्लासरूम में एंट्री से पहले आपकी तलाशी ली जाएगी, इसलिए सहयोग करें.
- वीडियोग्राफी: ध्यान रहे कि हर परीक्षा केंद्र पर वीडियोग्राफी हो रही है, इसलिए किसी भी अनुचित गतिविधि से बचें.
- तनाव न लें: परीक्षा से एक रात पहले पर्याप्त नींद लें. इससे अगले दिन परीक्षा हॉल में आपका दिमाग सक्रिय रहेगा.
- धारा 163: केंद्र के बाहर अभिभावकों को भीड़ न लगाने दें, वरना कानूनी दिक्कत हो सकती है.
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.