दुर्ग जिले के कुम्हारी थाना क्षेत्र में मकान निर्माण को लेकर चल रहे विवाद ने अब आपराधिक रूप ले लिया है। एक बिल्डर ने अपने ठेकेदार और उसकी बहन पर गाली-गलौज, जान से मारने की धमकी और सरिया से हमला करने के प्रयास का आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। नंदिनी रोड पावर हाउस, भिलाई निवासी और लोट्स सिटी फेज-3 के प्रोपराइटर एस. सरमद इमाम ने कुम्हारी थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने आरोप लगाया है कि आरोपी गौरव वर्मा और उसकी बहन निशा श्रीवास्तव उन्हें और उनके परिवार को लंबे समय से जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। शिकायत के मुताबिक, 22 जनवरी 2026 की सुबह लगभग 8 से 9 बजे के बीच आरोपी गौरव वर्मा प्रार्थी के बड़े भाई के निवास स्थान और एक निर्माण स्थल पर पहुंचा। वहां भूमि पूजन कार्यक्रम चल रहा था। आरोप है कि इस दौरान गौरव वर्मा ने सरिया से हमला करने का प्रयास किया और अश्लील गालियां देते हुए जान से मारने की धमकी दी। इस घटना से मौके पर मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। बिल्डर ने यह भी आरोप लगाया है कि गौरव वर्मा और निशा श्रीवास्तव उनकी महिला स्टाफ के साथ भी लगातार गाली-गलौज और धमकी देते हैं। शिकायत में बताया गया है कि जब महिला स्टाफ शमा खान और निधि विश्वकर्मा (निवासी सुपेला, भिलाई) ग्राहकों को साइट विजिट कराने जाती हैं, तब आरोपी उनके साथ हाथापाई और बदसलूकी करते हैं। पुलिस के पास इन घटनाओं से संबंधित साक्ष्य और पूर्व में दर्ज बयान मौजूद हैं। एक लाख रुपए की जबरन वसूली का भी आरोप शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि पूर्व में आरोपी और उसके बाहरी साथियों ने प्रार्थी को घेरकर हथियार दिखाते हुए एक लाख रुपए की जबरन वसूली की और जबरदस्ती साइन करवाए। इस संबंध में भी पहले आवेदन दिया जा चुका है। काम पूरा, फिर भी बिना भुगतान काम कराने का दबाव प्रार्थी के अनुसार, गौरव वर्मा को मकान निर्माण का कार्य दिया गया था और जितनी राशि उसने दी, उतने मूल्य का कार्य पूरा कर दिया गया है। इसके बावजूद आरोपी बिना अतिरिक्त भुगतान के आगे का काम बलपूर्वक कराने का दबाव बना रहा है और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दे रहा है। पुलिस ने दर्ज किया मामला, सुरक्षा का भरोसा कुम्हारी थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी गौरव वर्मा और निशा श्रीवास्तव के खिलाफ धारा 296, 351(3), 3(5) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर लिया है। प्रार्थी ने पुलिस अधीक्षक दुर्ग से भी मुलाकात कर परिवार और महिला स्टाफ की सुरक्षा की गुहार लगाई, जिस पर उन्हें उचित कार्रवाई और सुरक्षा का आश्वासन दिया गया है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.