कांकेर जिले में शराब की लत और घरेलू हिंसा से तंग आकर एक व्यक्ति की उसके ही परिवार ने हत्या कर दी। पुलिस ने इस मामले में मृतक की मां, पत्नी, बहन और दो बच्चों को गिरफ्तार किया है। यह घटना नरहरपुर थाना क्षेत्र के ग्राम मर्रामपानी की है।
मृतक की पहचान भगवान सिंह के रूप में हुई है, जो लंबे समय से शराब का आदी था। परिजनों के अनुसार, वह प्रतिदिन शराब पीकर घर आता था और अपनी बुजुर्ग मां, पत्नी, बहन और बच्चों के साथ गाली-गलौज और मारपीट करता था। परिवार उसके हिंसक व्यवहार से शारीरिक और मानसिक रूप से परेशान था।
नशे में परिवार वालों से रोज करता था झगड़ा
पुलिस जांच में सामने आया है कि मंगलवार को भी भगवान सिंह अत्यधिक नशे की हालत में घर पहुंचा और परिजनों से विवाद करने लगा। विवाद इतना बढ़ गया कि उसने आपा खो दिया और कुल्हाड़ी (टंगिया) निकालकर सभी को जान से मारने की धमकी देने लगा।
परिवार वालों ने लाठी-डंडों से पीटा, मौत
रोज-रोज की प्रताड़ना और उस समय के जानलेवा खतरे से तंग आकर परिवार का आक्रोश बढ़ गया। बचाव और गुस्से में परिवार के सभी सदस्यों ने मिलकर लाठी-डंडों से भगवान सिंह की पिटाई कर दी। इस पिटाई से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए जांच शुरू की। शुरुआती पूछताछ में ही परिवार के सदस्यों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उन्होंने बताया कि वे भगवान सिंह के दैनिक अत्याचारों से परेशान थे। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर मृतक की मां, पत्नी, बहन और दोनों बच्चों को गिरफ्तार कर लिया है। आगे की कानूनी कार्यवाही जारी है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.