नवादा नगर भवन परिसर में स्थित केंद्रीय पुस्तकालय, संस्कृत विद्यालय और पार्क का जिला पदाधिकारी रवि प्रकाश ने 29 दिसंबर 2025 को निरीक्षण किया।
इस दौरान उन्होंने विभिन्न विकास कार्यों की गुणवत्ता और प्रगति का विस्तृत जायजा लिया।केंद्रीय पुस्तकालय के निरीक्षण के दौरान, भवन निर्माण कार्य की गुणवत्ता, प्रगति और शेष बचे कार्यों की समीक्षा की गई।
पुस्तकालय के कार्यों को गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा करवाएं
जिला पदाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि पुस्तकालय से संबंधित सभी शेष कार्यों को समय पर और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा किया जाए।
उन्होंने यह भी कहा कि नए पुस्तकालय का निर्माण कार्य शीघ्र पूर्ण कर उसका विधिवत संचालन शुरू किया जाए।पुस्तकालय में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, स्वच्छता और अध्ययन के लिए आने वाले विद्यार्थियों एवं आमजनों के लिए सभी आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए।
जर्जर एंग्लो संस्कृत विद्यालय भवन को ध्वस्त करने का निर्देश
निरीक्षण के क्रम में, नगर भवन परिसर में स्थित जर्जर एंग्लो संस्कृत विद्यालय भवन को ध्वस्त करने का निर्देश दिया गया। साथ ही, परिसर में निर्माणाधीन पार्क के कार्य को भी शीघ्र पूरा कराने के लिए संबंधित एजेंसियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
जिला पदाधिकारी ने स्पष्ट किया कि नगर भवन परिसर को एक सुव्यवस्थित, उपयोगी और नागरिकों के लिए सुविधाजनक सार्वजनिक स्थल के रूप में विकसित करना जिला प्रशासन की प्राथमिकताओं में शामिल है।
उन्होंने चेतावनी दी कि इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।इस अवसर पर गोपनीय शाखा प्रभारी राजीव कुमार, कार्यपालक पदाधिकारी नगर परिषद सत्येन्द्र कुमार और अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।