प्रेम नगर इलाके में गाली देने पर हुए विवाद के बाद दोस्त ने ही हत्या की थी। पुलिस ने जांच के बाद घटना के बाद से भागे आरोपी को बक्सर रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार किया है। पहचान मुंशी राय के रूप में हुई है। रोहिणी जिला पुलिस उपायुक्त राजीव रंजन ने बताया कि 19 दिसंबर को प्रेम नगर थाना पुलिस को एक बिल्डिंग मटेरियल गोदाम में चालक के अचेत पड़े होने की जानकारी मिली।
मौके पर पहुंची पुलिस को पता चला कि उसकी मौत हो चुकी है। शिनाख्त बांका बिहार निवासी मुकेश के रूप में हुई। वह गोदाम मालिक का वाहन चलाता था और अपने दो साथी मुंशी राय और विशु राय के साथ रहता था। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया। जांच में पता चला कि घटना के बाद से उसके दोनों साथी लापता हैं। जांच में पता चला कि मुंशी राय और विशु राय ट्रेन से बिहार भाग गए हैं। थाने के उप निरीक्षक कुलदीप एक मामले की जांच में मोतिहारी में तैनात थे। उन्हें तुरंत पंडित दीन दयाल उपाध्याय (मुगलसराय) जंक्शन जाने का निर्देश दिया गया। जंक्शन पर टीम ने आरपीएफ अधिकारियों के साथ समन्वय किया और गरीब रथ एक्सप्रेस और महाबोधि एक्सप्रेस के हर कोच की तलाशी ली। ट्रेन के अंदर घंटों तलाशी के बाद दोनों व्यक्तियों की पहचान कर ट्रेन में ही पकड़ लिया। उन्हें बक्सर जंक्शन पर सुरक्षित रूप से उतारा गया और दिल्ली के प्रेम नगर थाने लाया गया।
पूछताछ और घटनास्थल से मिले सबूत के आधार पर आरोपी मुंशी राय ने हत्या की बात कबूल कर ली। उसने बताया कि 18 दिसंबर की रात वह और मृतक एक साथ शराब पी रहे थे और दोनों के बीच किसी बात पर कहासुनी हो गई। मृतक ने आरोपी को गाली दी और ईंट से हमला किया, जिसके जवाब में आरोपी मुंशी ने मुकेश के सिर पर ईंट मार दी। विशु राय इस दौरान दोनों को शांत करवाने की कोशिश करता रहा।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.