धौलपुर जिले के बाड़ा हैदर साहब स्थित महात्मा गांधी इंग्लिश मीडियम राजकीय स्कूल में प्रधानाचार्य नरेश जैन के तबादले को लेकर छात्राओं ने बुधवार को स्कूल गेट पर धरना प्रदर्शन किया। छात्रों में इस फैसले के प्रति भारी आक्रोश देखा गया।
प्रधानाचार्य के तबादले की सूचना मिलते ही छात्र-छात्राएं भड़क उठीं और स्कूल के मुख्य गेट पर धरने पर बैठ गईं। उन्होंने नारेबाजी करते हुए स्पष्ट चेतावनी दी कि जब तक प्रधानाचार्य नरेश जैन को वापस इसी विद्यालय में नहीं भेजा जाता, तब तक वे न तो कक्षाओं में बैठेंगी और न ही पढ़ाई करेंगी।
कहा— कार्यकाल में पढ़ाई का माहौल बेहतर हुआ धरने पर बैठी छात्राओं ने बताया कि प्रधानाचार्य नरेश जैन ने स्कूल के शैक्षणिक स्तर को ऊंचाइयों तक पहुंचाया है। उनके कार्यकाल में पढ़ाई का माहौल बेहतर हुआ, अनुशासन कायम रहा और छात्रों को नियमित मार्गदर्शन मिला। छात्राओं ने उन्हें एक शिक्षक के साथ-साथ अभिभावक जैसा बताया, जो उनकी समस्याओं को सुनते और उनका समाधान करते थे।
कई छात्राओं की आंखों में आंसू भी देखे गए छात्राओं का कहना है कि बिना किसी ठोस कारण के उनका तबादला किया जाना छात्रों के भविष्य के साथ अन्याय है। धरने के दौरान कई छात्राओं की आंखों में आंसू भी देखे गए। सूचना मिलने पर स्थानीय लोग और कुछ अभिभावक भी मौके पर पहुंचे और छात्रों की भावनाओं का समर्थन किया। अभिभावकों ने इसे बच्चों के भविष्य से खिलवाड़ बताया।
शिक्षा विभाग की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई थी। वहीं, स्कूल प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है और छात्रों को समझाने का प्रयास कर रहा है। यह मामला अब जिलेभर में चर्चा का विषय बन गया है और सभी की निगाहें शिक्षा विभाग के अगले निर्णय पर टिकी हुई हैं।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.