धौलपुर जिले की कोतवाली थाना इलाके में एक पखवाड़ा पूर्व नौकरी का झांसा देकर नाबालिग लड़की से दुष्कर्म करने के आरोपी रामभरोसी उर्फ राजेंद्र सिसोदिया को पुलिस ने उत्तर प्रदेश के वृंदावन शहर से गिरफ्तार किया है। आरोपी मुस्लिम महिला का वेश धारण कर छिपा हुआ था। आरोपी बुर्का पहनकर और लिपस्टिक लगाकर छिपा बैठा था।
पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान ने बताया कि बर्खास्त आरएसी के जवान रामभरोसी उर्फ राजेंद्र सिसोदिया ने 15 दिसंबर 2025 को बसेड़ी थाना इलाके की 16 साल की नाबालिग लड़की और उसके भाई को जेल पुलिस में नौकरी का झांसा देकर अपने घर पर बुलाया था। आरोपी ने नाबालिग के भाई को बाजार भेज दिया था। इसी दौरान आरोपी ने नाबालिग से दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया था। लड़की के चीखने चिल्लाने पर कॉलोनी के लोग मौके पर पहुंच गए। तत्कालीन समय पर कॉलोनी के लोगों ने काफी प्रदर्शन किया था। लेकिन आरोपी मौके से फरार हो गया था। मुकदमा दर्ज होने के बाद पुलिस ने इस मामले में अनुसंधान शुरू किया। नाबालिग का पर्चा बयान लेकर पुलिस आरोपी के संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही थी। लेकिन हर बार आरोपी पुलिस को चकमा देकर फरार हो रहा था। इस दौरान आरोपी की गिरफ्तारी को लेकर 10 हजार का इनाम घोषित कर दिया। पुलिस से बचने के लिए आरोपी ने स्वरूप बदलना शुरू कर दिया। आरोपी की लोकेशन आगरा लखनऊ, मध्य प्रदेश के ग्वालियर शहर समेत अन्य स्थानों पर ट्रेस हुई थी। लेकिन शातिर किस्म का आरोपी हर बार पुलिस को चकमा दे रहा था। एसपी ने बताया कोतवाली पुलिस थाने के सहायक उप निरीक्षक शिव गणेश को मुखबिर से सटीक लोकेशन प्राप्त हुई कि आरोपी उत्तर प्रदेश के वृंदावन शहर में वेश बदलकर रह रहा है। पुलिस की स्पेशल टीम को मौके पर भेजा गया। पुलिस टीम ने आरोपी को वृंदावन से गिरफ्तार किया है। उन्होंने बताया घटना के संदर्भ में पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है।
बुर्का पहनकर और लिपिस्टिक लगाकर बन गया था महिला
पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान ने बताया शातिर किस्म का अपराधी रामभरोसी उर्फ राजेंद्र पुलिस से बचने के लिए हर बार वेश बदल रहा था। कभी ट्रैक सूट तो कभी जैकेट पहनकर वीआईपी ऑफिसर बन जाता था। अधिकतर आरोपी पुलिस का ऑफिसर बोलकर खुद को प्रदर्शित करता था।
पुलिस निकाल सकती है जुलूस
चूंकि इस घटना ने काफी तूल पकड़ा था। घटना होने के बाद आरोपी फरार हो गया था। लेकिन इस घटना के बाद कुशवाहा समाज में आक्रोश भड़क गया। कुशवाहा समाज के लोग लामबंद होकर धरना और प्रदर्शन पर उतारू हो गए। शहर विधायक शोभारानी कुशवाहा और उनके पति पूर्व विधायक बीएल कुशवाहा समेत तमाम कुशवाहा समाज के नेता इस मामले को लेकर आक्रोशित थे। घटना को लेकर कुशवाहा समाज 4 जनवरी को बड़े आंदोलन की भी तैयारी कर रहा था।
यह भी पढ़ें- Rajasthan News: रणथंभौर पहुंचा गांधी-वाड्रा परिवार, साथ में रेहान और अवीवा बेग, क्या होंगी कुछ रस्में?
एसपी की बेहतर रणनीति से मिली कामयाबी
15 दिसंबर 2025 को नाबालिग के साथ हैवानियत की घटना होने के बाद घटना पुलिस के लिए बड़ी चुनौती बन गई थी। पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान इस मामले को लेकर काफी सख्त हो गए। आरोपी को पकड़ने के लिए कई पुलिस टीमों का गठन किया गया। आखिर में आरोपी को वृंदावन शहर से गिरफ्तार कर पुलिस को कामयाबी मिल गई
पॉक्सो के कई मामले दर्ज
पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान ने बताया कि आरोपी रामभरोसी उर्फ राजेंद्र चरित्र की दृष्टि से काफी गिरा हुआ है। पूर्व में पॉक्सो मुकदमा की वजह से आरोपी को आरएसी की नौकरी से बर्खास्त किया गया है। इसके अलावा आरोपी के खिलाफ महिला उत्पीड़न के अन्य मामले दर्ज हैं।