धार जिले के ग्राम गिरवान्या में सड़क हादसे में बाइक सवार नाबालिग बच्चे की मौत हो गई। हादसे में दो अन्य बच्चे भी घायल हैं। इसमें से एक गंभीर बालक को बड़वानी रैफर किया गया। इधर सूचना मिलने पर रात्रि में ही पुलिस टीम पहुंच गई थी, बुधवार सुबह पीएम के बाद नाबालिग का शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस अब पूरे मामले में ट्रैक्टर चालक के खिलाफ वैधानिक कार्यवाही शुरू कर दी है।
ये भी पढ़ें- इंदौर में उल्टी-दस्त से पहलवान की मौत, अब तक 29 लोगों की जानें ले चुका है दूषित पानी
जानकारी के अनुसार कुक्षी थाना अंतर्गत ग्राम गिरवान्या में सड़क हादसे में 15 साल के लड़के राजेंद्र पिता अमर सिंह जामोद की मौके पर मौत हो गई। हादसा बाइक और ट्रैक्टर की भिड़ंत के कारण हुई, जिसमें दो अन्य बालक भी गंभीर रूप से घायल हो गए। बाइक क्रमांक एमपी- 11 जेड- 0277 पर सवार तीन युवक बगैर नंबर के ट्रैक्टर से टकराए थे। घायलों में कृष्णा रायसिंह जामोद (10) को कुक्षी सिविल अस्पताल में प्राथमिक इलाज के बाद बड़वानी अस्पताल रैफर किया गया है। वहीं, शिवम (8) पिता लखन का उपचार कुक्षी अस्पताल में जारी है। तीनों ही बालक गिरवान्या गांव के निवासी बताए जा रहे हैं। तीनों बालक बाइक से पास के गांव में अपने रिश्तेदार के यहां गए थे। वापस लौटते समय गांव पहुंचने से पहले उनकी बाइक की कपास से भरे एक ट्रैक्टर से टक्कर हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही कुक्षी पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों बाइक सवारों को कुक्षी अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने कपास से भरे ट्रैक्टर को थाने पर खड़ा करवाया है और मामले की जांच कर रही है। थाना प्रभारी राजेश यादव के अनुसार ट्रैक्टर से बाइक टकराई थी, हादसे में एक की मौत हो गई है। साथ ही गभीर घायल को बड़वानी भेजा गया है।