Last Updated:
छत्तीसगढ़ में अग्निवीर भर्ती रैली की शुरुआत धमतरी के इनडोर स्टेडियम से हो गई है. 10 जनवरी से 21 जनवरी 2026 तक चलने वाली इस रैली में प्रदेश के 33 जिलों के 8999 अभ्यर्थी शामिल हो रहे हैं. भर्ती प्रक्रिया केवल ऑनलाइन CEE परीक्षा में सफल युवाओं के लिए आयोजित की जा रही है. प्रशासन ने सुरक्षा, चिकित्सा और परिवहन की पुख्ता व्यवस्था करते हुए दलालों से सावधान रहने की अपील की है.
छत्तीसगढ़ प्रदेश में भारतीय सेना की अग्निवीर भर्ती रैली की शुरुआत धमतरी जिले से हुई. इनडोर स्टेडियम आमातालाब में 10 जनवरी से 21 जनवरी 2026 तक आयोजित इस भर्ती रैली में प्रदेश के सभी 33 जिलों के पुरुष अभ्यर्थी भाग ले रहे हैं.

प्रदेश के सरगुजा, जशपुर, कोरिया, सूरजपुर, बलरामपुर, बस्तर, कांकेर, सुकमा, बीजापुर सहित सभी जिलों से युवा भर्ती स्थल पर पहुंचे. जिलेवार तय तिथियों के अनुसार अभ्यर्थियों को बुलाया गया है.

यह भर्ती रैली केवल उन अभ्यर्थियों के लिए है, जिन्होंने भारतीय सेना द्वारा 30 जून से 10 जुलाई 2025 के बीच आयोजित ऑनलाइन सामान्य प्रवेश परीक्षा (CEE) उत्तीर्ण की है. कुल 8999 अभ्यर्थियों को बुलाया गया है.
Add News18 as
Preferred Source on Google

भर्ती रैली में अभ्यर्थियों के एडमिट कार्ड, शैक्षणिक प्रमाण पत्र, निवास और जाति प्रमाण पत्र सहित सभी जरूरी दस्तावेजों की सघन जांच की जा रही है. निर्धारित समय पर रिपोर्ट करना अनिवार्य किया गया है.

प्रदेशभर से आए युवा अग्निवीर बनने के लिए शारीरिक दक्षता परीक्षा की तैयारी करते दिखे. सेना की भर्ती प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी, निष्पक्ष और योग्यता आधारित रखी गई है.

जिला प्रशासन द्वारा भर्ती स्थल पर सुरक्षा बल, मेडिकल टीम, पेयजल और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं ताकि अभ्यर्थियों को किसी भी प्रकार की परेशानी न हो.

सेना भर्ती कार्यालय रायपुर और छत्तीसगढ़ प्रशासन ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे किसी भी दलाल या बिचौलिए के झांसे में न आएं. चयन प्रक्रिया केवल योग्यता और प्रदर्शन के आधार पर होगी.

दूसरे जिलों से आने वाले युवाओं के लिए ऑटो और ई-रिक्शा के किराए तय किए गए हैं. बस स्टैंड व प्रमुख चौकों से इनडोर स्टेडियम तक न्यूनतम किराया निर्धारित कर अधिक वसूली पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं.
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.