चंडीगढ़ रोड स्थित कोहाड़ा चौक पर नवनिर्मित श्री खाटू श्याम सालासर मंदिर में आयोजित साप्ताहिक संकीर्तन ने न केवल धर्म की ध्वजा फहराई बल्कि संपूर्ण क्षेत्र को साक्षात बैकुंठ धाम में परिवर्तित कर दिया। भक्ति, शक्ति और निस्वार्थ सेवा की पावन त्रिवेणी में गोते लगाते हुए भक्तों का हृदय श्याम रंग में पूरी तरह सराबोर नजर आया। ट्रस्टी प्रदीप मित्तल, संदीप अग्रवाल, एल.आर. मित्तल और अनिल मित्तल की अध्यक्षता में संध्या का शुभारंभ हुआ।
आचार्य दीपक पाण्डेय एवं विद्वान पंडितों के वेदमंत्रों की गूंज और अखंड ज्योति के दर्शन ने वातावरण में सकारात्मक ऊर्जा का संचार कर दिया।केके गर्ग परिवार द्वारा बाबा श्याम का जो नयनाभिराम और अलौकिक श्रृंगार किया गया। उसे देख भक्त अपनी सुध-बुध खो बैठे और बस निहारते ही रह गए।
जब भजन गायिका शारदा पांडेय और श्याम दीवानी मोनिका ने अपनी ओजस्वी और मधुर वाणी से “कीर्तन की है रात बाबा आज थाणे आणो है” जैसे भजनों का आह्वान किया। तो पंडाल में उपस्थित जनसमूह भाव-विभोर होकर नृत्य करने लगा। स्वरलहरियों के उस दिव्य प्रवाह ने हर भक्त को अध्यात्म के शिखर पर पहुंचा दिया।
मंदिर ट्रस्ट ने अध्यात्म के साथ नर सेवा ही नारायण सेवा के संकल्प को भी चरितार्थ किया है। इसी श्रृंखला में 30 और 31 दिसंबर को मंदिर परिसर में दोपहर 2 बजे से रात्रि 10 बजे तक एक विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन किया जा रहा है। इसमें प्रोलाइफ हॉस्पिटल सुपर स्पेशिएलिटी एवं ट्रॉमा केयर की टीम अपनी सेवाएं प्रदान करेगी।
इस पुनीत यज्ञ को सफल बनाने के लिए गुरविंदर सिंह, हरप्रीत सिंह और कुलविंदर सिंह पूर्ण समर्पण के साथ जुटे हुए हैं। 30 दिसंबर को सायं 5:30 बजे से एकादशी संकीर्तन का भव्य उत्सव मनाया जाएगा। इसमें गायक नितिन एस कपूर, अनिल मेहरा और पूनम राणा हाजिरी लगाकर श्याम प्रभु को रिझाएंगे।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.