भागलपुर जिले के सुल्तानगंज स्थित अजगैबीनाथ धाम में प्रस्तावित नेशनल हवाई अड्डे को लेकर बिहार सरकार के गृह मंत्री सह उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने हवाई सर्वेक्षण किया। वे अपने हेलीकॉप्टर से कृष्णानंद स्टेडियम पहुंचे, जहां से उन्होंने जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी को साथ लेकर मसदी, कमरगंज और गनगनिया क्षेत्र में प्रस्तावित हवाई अड्डा स्थल का निरीक्षण किया।
कृष्णानंद स्टेडियम में हुआ भव्य स्वागत
हवाई सर्वेक्षण के बाद उपमुख्यमंत्री पुनः कृष्णानंद स्टेडियम पहुंचे। यहां विधायक प्रोफेसर ललित नारायण मंडल, नगर सभापति राज कुमार गुड्डू सहित एनडीए कार्यकर्ताओं ने उनका भव्य स्वागत किया। पूरे परिसर में सुरक्षा और प्रशासनिक व्यवस्था चाक-चौबंद रही।
निरीक्षण भवन में प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बैठक
इसके बाद गृह मंत्री सह उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी सुल्तानगंज स्थित निरीक्षण भवन पहुंचे। वहां उन्होंने सभी प्रशासनिक पदाधिकारियों के साथ एक गुप्त बैठक की और नेशनल हवाई अड्डा परियोजना से जुड़ी प्रगति और आवश्यक प्रक्रियाओं की जानकारी ली।
मीडिया से बातचीत में विकास योजनाओं का जिक्र
मीडिया से बातचीत करते हुए उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बताया कि नेशनल हवाई अड्डा, मैनिन ड्राइव, सुल्तानगंज से देवघर रेल लाइन और शिव कॉरिडोर जैसे महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट जल्द तैयार किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि इन योजनाओं को लेकर भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया पर काम किया जा रहा है।
इस दौरान भागलपुर जिला और सुल्तानगंज प्रखंड के सभी वरिष्ठ अधिकारी तथा बड़ी संख्या में एनडीए कार्यकर्ता मौजूद रहे। प्रशासनिक और राजनीतिक स्तर पर इस परियोजना को लेकर सक्रियता साफ नजर आई।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.