देवघर के सॉफ्टवेयर टेक्नोलॉजी पार्क में आईएचसीएल प्रोजेक्ट के तहत देवघर में 18 से 28 वर्ष के युवक-युवतियों को निःशुल्क विशेष ट्रेनिंग देकर रोजगार से जोड़ा जा रहा है.इंटरव्यू स्किल, संवाद कला और आत्मविश्वास की ट्रेनिंग के बाद युवाओं को देशभर में नौकरी के अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं.
सरकारी और निजी प्रयासों से देवघर के कई इलाकों का विकास हुआ है. सड़कों, आधारभूत संरचना और तकनीकी संस्थानों के विस्तार ने यहां रोजगार के नए अवसर पैदा किए है. इन्हीं प्रयासों का एक बड़ा उदाहरण है देवघर के मानिकपुर स्थित सॉफ्टवेयर टेक्नोलॉजी पार्क, जो आज स्थानीय युवाओं के लिए किसी वरदान से कम नहीं है.
कई युवक युवतियों को दिया जा रहा है रोजगार
सॉफ्टवेयर टेक्नोलॉजी पार्क में कई कंपनियां काम कर रही हैं, जो समय-समय पर बहाली निकालकर देवघर सहित आसपास के जिलों के युवक और युवतियों को रोजगार प्रदान कर रही हैं.खास बात यह है कि यहां युवाओं को बाहर जाने की जरूरत नहीं पड़ रही, बल्कि रोजगार अब उनके घर के पास ही उपलब्ध हो रहा है.
45 दिन की फ्री ट्रेनिंग फिर रोजगार
फिलहाल आईएचसीएल प्रोजेक्ट के तहत युवक-युवतियों को विशेष प्रशिक्षण देकर रोजगार से जोड़ा जा रहा है. आईएचसीएल की देवघर ट्रेनर माधुरी राव ने बताया कि 18 से 28 वर्ष आयु वर्ग के युवक-युवतियों को यहां स्पेशल ट्रेनिंग दी जाती है.इस प्रशिक्षण में युवाओं को इंटरव्यू देने का तरीका, बातचीत की कला, आत्मविश्वास बढ़ाने के तरीके और जॉब पाने की पूरी प्रक्रिया सिखाई जाती है. सबसे अहम बात यह है कि यह ट्रेनिंग पूरी तरह निःशुल्क दी जा रही है और प्रशिक्षण के बाद युवाओं को देशभर में नौकरी के अवसर भी उपलब्ध कराए जाते हैं.
सॉफ्टवेयर टेक्नोलॉजी पार्क में आई की दी जा रही है ट्रेनिंग:
वहीं सॉफ्टवेयर टेक्नोलॉजी पार्क ऑफ इंडिया के डायरेक्टर जनरल अरविंद कुमार ने बताया कि आने वाले कुछ महीनों में देवघर स्थित एसटीपीआई के भवन और परिसर को और विकसित किया जाएगा. ट्रेनिंग सत्र की अवधि बढ़ाई जाएगी और ऐसे विशेषज्ञ स्टाफ की बहाली की जाएगी, जो युवाओं को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसी आधुनिक तकनीकों की विशेष ट्रेनिंग दे सकें.आगे बताते है कि वे अपने छात्रों को यह सिखा रहे हैं कि आम जनजीवन में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का सही और सकारात्मक उपयोग कैसे किया जाए. इस विषय को लेकर सरकार के साथ भी लगातार बातचीत की जा रही है.
कुल मिलाकर, देवों की नगरी देवघर अब आस्था के साथ-साथ रोजगार और तकनीकी प्रशिक्षण का भी मजबूत केंद्र बनता जा रहा है, जिससे स्थानीय युवाओं का भविष्य उज्ज्वल हो रहा है.
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.