Deoghar News: देवघर के लालगढ़ में काली मंदिर जीर्णोद्धार को लेकर दो पक्षों में हिंसक झड़प हो गयी. मारपीट और पथराव की घटना में सात लोग घायल हो गए. वहीं इस घटना को लेकर निशिकांत दुबे ने सोशल मीडिया पर नाराजगी जताते हुए हेमंत सरकार से सवाल पूछा है.
सभी घायलों को इलाज के लिए मधुपुर अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां डॉक्टरों की टीम उनकी स्थिति पर नजर बनाए हुए है. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और हालात को काबू में किया. स्थिति की गंभीरता को देखते हुए इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है. मधुपुर के एसडीपीओ सहित भारी संख्या में पुलिस बल को क्षेत्र में लगाया गया है ताकि किसी भी तरह की दोबारा हिंसा को रोका जा सके.
निशिकांत दुबे ने सोशल मीडिया पर जाहिर की नाराजगी
स्थानीय सूत्रों के मुताबिक, विवाद एक करीब 100 साल पुराने काली मंदिर के जीर्णोद्धार को लेकर हुआ. बताया जा रहा है कि रजक परिवार द्वारा मंदिर के पुनर्निर्माण का कार्य कराया जा रहा था, जिसे लेकर कुछ लोगों ने आपत्ति जताई. स्थानीय लोगों का कहना है कि मंदिर के पुराने स्वरूप को बनाए रखने को लेकर विरोध जताया गया, जो बाद में हिंसक झड़प में बदल गया. इस मामले को लेकर गोड्डा सांसद निशिकांत दुबे ने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए नाराजगी जाहिर की है. उन्होंने आरोप लगाया कि झारखंड में हिंदू अपनी ही जमीन पर मंदिर निर्माण नहीं कर पा रहे हैं. साथ ही उन्होंने मंत्री हफीजुल अंसारी की भूमिका की जांच की मांग की और जेएमएम, आरजेडी और कांग्रेस पर भी निशाना साधा.
पुलिस ने लोगों से की अपील
फिलहाल पुलिस हमले में शामिल लोगों की पहचान और गिरफ्तारी की प्रक्रिया में जुटी हुई है. अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ कानून के मुताबिक सख्त कार्रवाई की जाएगी. प्रशासन की ओर से लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की गई है.
About the Author

A Multimedia Journalist having experience of more than 14 years in mainstream media Industry. Currently Working with Network 18 Media & Investment Limited for News18 Hindi Website as a Chief Sub Editor. He …और पढ़ें
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.