कोटपूतली-बहरोड़ स्थित सदर थाना क्षेत्र में दिल्ली पुलिस के एक जवान का अपहरण कर जबरन ऑनलाइन ठगी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। बदमाशों ने जवान को कार में अगवा कर जान से मारने की धमकी देते हुए 80 हजार रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर करा लिए। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया। पीड़ित की रिपोर्ट पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार ग्राम सोरवा निवासी हेमंत कुमार पुत्र दिनेश यादव दिल्ली पुलिस में कार्यरत हैं। हेमंत ने बताया कि गुरुवार को वह बाइक से गांव बड़डू की ओर जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से आई एक स्विफ्ट कार ने उनका रास्ता रोक लिया। कार में सवार बिक्रम निम्भोर और संजू ने जबरन उन्हें कार में बैठा लिया और अपहरण कर लिया।
विरोध करने पर जान से मारने की धमकी
आरोप है कि कार में ले जाते समय दोनों बदमाशों ने हेमंत कुमार को डराया-धमकाया और पैसों की मांग की। विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी गई। भय और दबाव में आकर पीड़ित ने आरोपियों के कहने पर हवासिंह नामक व्यक्ति के खाते में 80 हजार रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर कर दिए। जैसे ही रकम ट्रांसफर हुई, आरोपी उन्हें सुनसान स्थान पर छोड़कर फरार हो गए।
मामला दर्ज
मुक्त होने के बाद हेमंत कुमार सीधे सदर थाने पहुंचे और पूरे घटनाक्रम की जानकारी पुलिस को दी। सदर थानाधिकारी दिनेश कुमार ने बताया कि पीड़ित की रिपोर्ट पर दोनों आरोपियों के खिलाफ अपहरण, धमकी और धोखाधड़ी सहित संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है।
संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही
पुलिस ने आरोपियों की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश देना शुरू कर दिया है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और ऑनलाइन ट्रांजेक्शन से जुड़े खातों की भी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।