Dausa Road Accident: दौसा जिले में एनएच-21 पर मंगलवार को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया, जिससे हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई और लंबा जाम लग गया. गिरराज धरण मंदिर के समीप ट्रक और ट्रेलर के बीच जोरदार भिड़ंत हो गई. टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रेलर का केबिन वाला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि पत्थरों से भरा ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया. हादसे के बाद हाईवे पर पत्थर बिखर गए, जिससे यातायात पूरी तरह बाधित हो गया. सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया. हादसे में घायल एक व्यक्ति को तुरंत एंबुलेंस की मदद से दौसा जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार जारी है. गनीमत रही कि बड़ा जनहानि नहीं हुई.
दुर्घटना के कारण एनएच-21 पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा. पुलिस और यातायात विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर क्रेन की मदद से दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को हाईवे से हटवाया और सड़क पर बिखरे पत्थरों को साफ कराया. कड़ी मशक्कत के बाद करीब कुछ घंटों में यातायात को सुचारू किया जा सका. प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे का कारण माना जा रहा है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.