कांग्रेस ने ‘मनरेगा बचाओ संग्राम’ अभियान की शुरुआत कर दी है। इसे लेकर आज प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय सदाकत आश्रम में पटना महानगर कांग्रेस कमेटी की ओर से जानकारी दी गई। कांग्रेस पार्टी इस मनरेगा विरोधी नीति के खिलाफ पूरे प्रदेश में जन-जन को जागरूक करेगी
‘मनरेगा बचाओ संग्राम’ के माध्यम से कांग्रेस कार्यकर्ता गांव-गांव, पंचायत-पंचायत जाकर केंद्र सरकार की नीतियों की सच्चाई जनता के सामने रखेंगे।
पटना महानगर कांग्रेस के पर्यवेक्षक रौशन कुमार सिंह ने कहा कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के प्रति सम्मान के लिए यूपीए सरकार ने मनरेगा योजना लाया था। आज एनडीए सरकार उसको समाप्त कर बापू के सपने को चकनाचूर कर रही है।
केंद्र सरकार की ओर से लाया गया नया VB-GRAM-G अधिनियम मनरेगा की मूल भावना पर सीधा हमला है। यह कानून गरीबों, मजदूरों और ग्रामीण जनता के रोजगार के अधिकार को कमजोर करने वाला है।
केंद्र सरकार मनरेगा की आत्मा को कमजोर कर रही
कहा कि मनरेगा केवल एक योजना नहीं, बल्कि करोड़ों गरीब परिवारों की आजीविका की वैधानिक गारंटी है, जिसे किसी भी कीमत पर खत्म नहीं होने दिया जाएगा। मनरेगा देश के करोड़ों ग्रामीण परिवारों के लिए केवल एक योजना नहीं, बल्कि काम के अधिकार और सम्मानजनक आजीविका की गारंटी है। केंद्र सरकार द्वारा प्रस्तावित VB-GRAM-G विधेयक मनरेगा की आत्मा को कमजोर करने वाला, संघीय ढांचे पर प्रहार करने वाला और गरीब-मजदूर विरोधी कदम है।
पटना महानगर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष शशि रंजन ने कहा कि कांग्रेस पार्टी स्पष्ट करती है कि यह संघर्ष संविधान, लोकतंत्र और गरीबों के अधिकारों की रक्षा के लिए है। हम मनरेगा श्रमिकों, पंचायत प्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों और आम नागरिकों से अपील करते हैं कि वे इस जनांदोलन में बढ़-चढ़कर भाग लें और मनरेगा को कमजोर करने की किसी भी साजिश को सफल न होने दें।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.