मंगलवार सुबह अलवर शहर के नजदीक एक ग्रामीण इलाके में फसलों पर ओस जमी नजर आई।
राजस्थान में एक बार फिर से कोल्ड-वेव (शीतलहर) का दौर शुरू होगा। कोल्ड-वेव का प्रभाव 10 दिसंबर से महसूस होने लगेगा। शीतलहर का ज्यादा असर शेखावाटी जिलों और उसके आस-पास के एरिया में देखने को मिलेगा।
मौसम विभाग ने इसके लिए 4 जिलों सीकर, चूरू, झुंझुनूं और नागौर में 2 दिन का यलो अलर्ट जारी किया है। तापमान में भी 1 से 2 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट देखने को मिल सकती है।
इसके अलावा राजस्थान के सभी हिस्सों में मौसम अगले एक सप्ताह तक साफ रहेगा और जबकि सीकर, चूरू, झुंझुनूं और नागौर को छोड़कर अन्य शेष स्थानों पर कोल्ड-वेव से राहत रहेगी।
दिन में आसमान साफ, धूप हुई तेज
वेस्टर्न डिस्टर्बेंस का प्रभाव सोमवार से खत्म हो गया। राज्य के सभी शहरों में सोमवार को आसमान बिल्कुल साफ रहा और तेज धूप निकली।
पाली, कोटा, बारां, पिलानी, जयपुर समेत कुछ शहरों में तेज धूप रहने से तापमान में मामूली बढ़ोतरी हुई। दिन का सबसे ज्यादा अधिकतम तापमान बाड़मेर में 32.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।
19 शहरों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज हुआ
मौसम केंद्र जयपुर से जारी रिपोर्ट के मुताबिक- 19 शहरों में सोमवार को न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज हुआ। सबसे कम न्यूनतम तापमान 4.4 फतेहपुर में दर्ज हुआ। जैसलमेर में कल न्यूनतम तापमान (2.1 डिग्री गिरकर) 9.8 डिग्री सेल्सियस पर दर्ज हुआ।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.