राजस्थान में उत्तरी हवाओं के सक्रिय होने की वजह से एक बार फिर सर्दी का असर बढ़ चुका है। शेखावाटी में आज सर्दी ने एक बार फिर जोर पकड़ लिया है। शेखावाटी के फतेहपुर एरिया में न्यूनतम तापमान जमाव बिंदु के करीब पहुंच चुका है। यहां न्यूनतम तापमान ढाई डिग्री के करीब है। सुबह हल्का कोहरा छाया रहा। फिलहाल इस सप्ताह उत्तरी हवाओं के सक्रिय रहने की वजह से सर्दी रहने का अनुमान है।
दरअसल पिछले दिनों राजस्थान के मौसम में एक के बाद एक वेस्टर्न डिस्टरबेंस एक्टिव होने की वजह से बारिश की गतिविधियां हुईं। इसके बाद करीब चार दिनों तक लगातार उत्तरी हवाएं सक्रिय रहने की वजह से तापमान में लगातार गिरावट हो रही है। जयपुर मौसम केंद्र के निदेशक राधेश्याम शर्मा का कहना है कि इस सप्ताह उत्तरी हवाओं के चलने की वजह से सर्दी रहने वाली है।
ये भी पढ़ें: Jhalawar News: सरकारी चारागाह पर अफीम की खेती का भंडाफोड़, 22 क्विंटल से ज्यादा पौधे जब्त
राजस्थान के कई इलाकों में कोहरा भी रह सकता है। हालांकि शेखावाटी में कोहरे को लेकर कोई भी अलर्ट नहीं है। अभी 2 से 3 दिन उत्तरी हवाओं के सक्रिय रहने की वजह से तापमान में मामूली गिरावट हो सकती है। दोपहर के समय धूप निकली रहने से अधिकतम तापमान 20 से 30 डिग्री के बीच रह सकता है।
वहीं मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि राजस्थान में अब एक से डेढ़ सप्ताह तक कोई भी वेस्टर्न डिस्टरबेंस एक्टिव नहीं होने वाला। अभी तीन से चार दिन यहां पर उत्तरी हवाओं का दबाव रहने की वजह से सर्दी रहेगी। अगले सप्ताह जैसे ही उत्तरी हवाओं का दबाव कम होगा तो लोगों को तेज सर्दी से राहत मिलना शुरू होगी।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.