मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 25 जनवरी को अपने दिन की शुरुआत कोठी रोड पर आयोजित ‘राहगीरी आनंदोत्सव’ में शामिल होकर करेंगे। इस मौज-मस्ती और स्वास्थ्य पूर्ण गतिविधियों से जुड़े आयोजन में मुख्यमंत्री पूरे कार्यक्रम के दौरान उपस्थित रहेंगे। तरणताल से कोठी रोड तक आयोजित होने वाले राहगीरी उत्सव की तैयारियों को नगर निगम द्वारा अंतिम रूप दिया जा रहा है। इसके तहत कोठी रोड तक दीवारों पर आकर्षक चित्रकारी की जा रही है, पेड़-पौधों की ट्रिमिंग कराई जा रही है और पेवर ब्लॉक लगाए जा रहे हैं। प्रभारी आयुक्त संतोष टैगोर ने बताया कि नगर निगम से संबंधित सभी आवश्यक व्यवस्थाओं को समय से पहले पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं। इनमें राहगीरी के पूरे मार्ग पर मरम्मत एवं पैच वर्क, सफाई व्यवस्था, पेड़-पौधों की ट्रिमिंग, दीवारों पर वॉल पेंटिंग व स्वच्छता से जुड़े स्लोगन, प्रकाश व्यवस्था, स्वच्छता ब्रांडिंग, पेवर ब्लॉक का संधारण, पेयजल सुविधा, चलित शौचालय और मंच व्यवस्था सहित अन्य सभी जरूरी काम शामिल हैं। ‘राहगीरी आनंदोत्सव’ में पारंपरिक खेलों के साथ कई मनोरंजक गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इनमें अंटी (कंचे), रस्सीकूद, बोरा दौड़ और सितोलिया जैसे खेल शामिल होंगे। वहीं सांस्कृतिक कार्यक्रमों के तहत हरियाणवी और मालवी नृत्य, गरबा, कथा सागर, अखाड़ा प्रदर्शन, एरोबिक, योग, बॉडी बिल्डिंग और मलखंभ का प्रदर्शन भी किया जाएगा।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.