कोरबा के तुलसीनगर क्षेत्र में संचालित कौशिल स्कूल पर कुछ व्यक्तियों ने स्कूल परिसर में प्रवेश कर स्टाफ से कथित तौर पर अभद्रता की। उन्होंने सामने का गेट तोड़ने का प्रयास भी किया। इस घटना को स्कूल की जमीन हड़पने की कोशिश के रूप में देखा जा रहा है।
शिक्षिकाओं और विद्यार्थियों ने इस मामले की शिकायत जिला प्रशासन से की है। शिक्षिकाओं ने बताया कि स्कूल 35 सालों से चल रहा है, लेकिन अब कुछ लोग खुद को जमीन का नया मालिक बता रहे हैं। उनके इशारे पर तोड़फोड़ की गई और स्टाफ को परेशान किया जा रहा है।
तहसीलदार और जमीन मालिक स्कूल पहुंचे
एक शिक्षिका ने जानकारी दी कि तहसीलदार और जमीन मालिक बताने वाला व्यक्ति साथ आए थे। प्रिंसिपल से बातचीत के बाद बच्चों की छुट्टी हो गई, जिसके तुरंत बाद उनके लोगों ने स्कूल के गेट में तोड़फोड़ की। जमीन को सौरभ अग्रवाल की बताकर स्कूल खाली करने को कहा गया।
एक अन्य शिक्षिका (इसी स्कूल से पढ़ी हैं और अब पढ़ा रही हैं) ने बताया कि इतने सालों से स्कूल संचालित होने के बावजूद अचानक कोई व्यक्ति मालिकाना हक जता रहा है, जिससे काफी परेशानी हो रही है। स्कूल में छोटे बच्चे पढ़ते हैं, और उनके भविष्य पर खतरा मंडरा रहा है।

प्राचार्य और शिक्षक की गिरफ्तारी का आरोप
शिक्षिकाओं ने यह भी आरोप लगाया कि प्राचार्य और एक शिक्षक को पुलिस जबरदस्ती उठा ले गई है। उन्होंने प्रशासन से इस मामले में प्रभावी कार्रवाई करने की मांग की है। इस घटना के बाद शिक्षक और बच्चे कलेक्टर से शिकायत करने पहुंचे।
इस संबंध में जिला शिक्षा अधिकारी (डीईओ) टीपी उपाध्याय ने आश्वासन दिया है कि संबंधित मामले में अधिकारियों से बातचीत की जाएगी। उन्होंने कहा कि मौके पर जानकारी लेने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.