शेखपुरा में शनिवार को ‘बाल विवाह मुक्त भारत अभियान’ के तहत आंगनवाड़ी केंद्रों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान ‘बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ’ योजना के अंतर्गत बच्चों को स्कूल बैग भी वितरित किए गए।
महिला एवं बाल विकास निगम, शेखपुरा द्वारा आयोजित यह कार्यक्रम मेहुस उत्तर स्थित आंगनवाड़ी केंद्र संख्या 92 और जमालपुर स्थित केंद्र संख्या 172 में संपन्न हुआ।
‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ के तहत बच्चों को मिले बैग।
निर्धारित आयु से पहले विवाह करना दंडनीय अपराध
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला प्रोग्राम पदाधिकारी कुमारी पूनम ने बाल विवाह और लैंगिक हिंसा जैसे गंभीर सामाजिक मुद्दों पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि कानून के अनुसार लड़कियों के लिए विवाह की न्यूनतम आयु 18 वर्ष और लड़कों के लिए 21 वर्ष निर्धारित है। निर्धारित आयु से पूर्व विवाह करना दंडनीय अपराध है, जिसके लिए जुर्माना और जेल दोनों का प्रावधान है।

आंगनवाड़ी केंद्रों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
बाल विवाह न केवल एक सामाजिक बुराई
कुमारी पूनम ने जोर देकर कहा, “बाल विवाह न केवल एक सामाजिक बुराई है, बल्कि यह बालिकाओं की शिक्षा, स्वास्थ्य और उनके पूरे भविष्य को अंधकार में धकेल देता है। इससे होने वाले नुकसान की भरपाई कभी संभव नहीं है।”
उन्होंने उपस्थित ग्रामीणों से अपील की कि वे सजग रहें और बाल विवाह की किसी भी सूचना को तुरंत जिला प्रशासन तक पहुंचाएं।
अधिकारियों ने महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सखी वन स्टॉप सेंटर और विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों की विस्तृत जानकारी भी साझा की।

‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ के तहत दी कीट।
डिस्ट्रिक्ट हब फॉर वीमेन एंपावरमेंट के जिला मिशन समन्वयक ने बाल विवाह के विरोध को महिला सशक्तिकरण की पहली सीढ़ी बताया। उन्होंने कहा कि एक प्रगतिशील समाज के निर्माण के लिए बाल विवाह को जड़ से मिटाना आवश्यक है।
महिला और चाइल्डलाइन हेल्पलाइन की दी जानकारी
इस अवसर पर महिला हेल्पलाइन (181), बच्चों के लिए चाइल्डलाइन (1098) और आपातकालीन पुलिस सहायता (112) जैसे महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए गए, और लोगों को आपात स्थिति में इनका उपयोग करने के लिए प्रेरित किया गया।
जागरूकता अभियान में जिला मिशन समन्वयक पंकज कुमार वर्मा, वित्तीय साक्षरता विशेषज्ञ सजल कुमार सहित विभाग के अन्य कर्मी, आंगनवाड़ी सेविका-सहायिका और बड़ी संख्या में स्थानीय महिलाएं उपस्थित रहीं।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.