मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने रविवार को राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर सांगानेर स्थित कैम्प कार्यालय में नव मतदाताओं का सम्मान किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि कर्मचारी चयन बोर्ड में पकड़े गए लोगों में वर्ष 2019 में फर्जीवाड़ा किया था। एक मामले में उत्तर प्रदेश एसटीएफ ने पूर्व कांग्रेस सरकार को सूचना भी दी थी, लेकिन वे साढ़े चार साल तक मामले को दबाए बैठे रहे और आज नैतिकता की बात कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने पेपरलीक और ओएमआर शीट प्रकरण पर कहा कि पेपरलीक और भ्रष्टाचार जैसे गंभीर अपराधों पर सरकार की जीरो टॉलरेंस की नीति बिलकुल स्पष्ट है। जो कोई भी अपराध करेगा, उसे कानून के अनुसार सख्त सजा मिलेगी। उन्होंने कहा कि सरकार ने एसओजी को भर्तियों में गड़बड़ी की निष्पक्ष व पारदर्शी जांच करने के निर्देश दिए है। हमने किसी विशेष सरकार, किसी विशेष समय-काल या किसी राजनीतिक उद्देश्य के तहत निर्देश नहीं दिए है। मुख्यमंत्री ने कहा कि एसओजी उन मामलों में बिना किसी भेदभाव के कार्यवाही कर रही है, जहां ठोस साक्ष्य सामने आए हैं। मुख्यमंत्री ने सुनी पीएम के मन की बात मुख्यमंत्री ने आमजन के साथ पीएम मोदी के मन की बात कार्यक्रम को सुना। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री ने ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान में देशभर में 200 करोड़ पौधे लगाए जाने का जिक्र किया है। राजस्थान में भी हमारी सरकार ने इस अभियान से प्रेरणा लेकर 5 वर्ष में 50 करोड़ पौधे लगाने का संकल्प किया है। सीएम ने करवाया हेल्थ सिस्टम का चेकअप, 854 अस्पतालों पर छापा सीएम भजनलाल शर्मा के निर्देश पर रविवार को प्रदेशभर में स्वास्थ्य सेवाओं की हकीकत जानने के लिए अब तक का सबसे बड़ा औचक निरीक्षण अभियान चलाया गया। सुबह 8 बजे से शाम 6 बजे तक चले अभियान में अधिकारियों ने एक ही दिन में 854 सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों का निरीक्षण किया। इनमें 84 जिला, उप जिला और सैटेलाइट अस्पताल, 200 सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, 554 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र और 16 मेडिकल कॉलेज अस्पताल शामिल रहे। अधिकारियों ने अस्पतालों में साफ-सफाई, दवाइयों की उपलब्धता, जांच सुविधाएं, मानव संसाधन और इलाज की गुणवत्ता को परखा। सीएम ने कहा कि जहां भी कमियां मिली हैं, वहां तत्काल सुधार और जिम्मेदारों पर कार्रवाई की जाएगी।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.